पहली ही बारिश में तालाब बना भटहट-बैलों मार्ग, बैलों चौराहे पर दो फीट जलभराव से लोग परेशान

गोरखपुर के भटहट-बैलों संपर्क मार्ग पर पहली बारिश में भारी जलभराव हो गया। बैलों चौराहे पर दो फीट तक पानी भरने से आवागमन प्रभावित हुआ। ग्रामीणों ने अधूरे निर्माण की जांच और नाली निर्माण जल्द पूरा कराने की मांग की।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: गोरखपुर के भटहट-बैलों संपर्क मार्ग पर पहली ही बारिश ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। निर्माणाधीन सड़क पर जलभराव, कीचड़ और अधूरी नालियों के कारण आम लोगों का आवागमन मुश्किल हो गया है। सबसे अधिक परेशानी बैलों चौराहे पर देखने को मिल रही है, जहां करीब दो फीट तक पानी भर जाने से सड़क तालाब जैसी दिखाई दे रही है।

अधूरी नाली और चोक निकासी बनी बड़ी वजह

स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क के एक हिस्से में नाली निर्माण तो किया गया, लेकिन जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने और नालियों के चोक होने से हल्की बारिश में ही पानी सड़क पर जमा हो जाता है। बैलों चौराहे पर नाली निर्माण अधूरा होने के कारण हालात और गंभीर हो गए हैं। लोगों को घुटनों तक पानी में होकर गुजरना पड़ रहा है।

स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और व्यापारियों की बढ़ी परेशानी

जलभराव के कारण दोपहिया वाहन चालकों के फिसलने का खतरा बना हुआ है, जबकि स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को रोजाना आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। चौराहे पर दुकानों के सामने पानी भरने से स्थानीय व्यापारियों का कारोबार भी प्रभावित हो रहा है। कई स्थानों पर बने गहरे गड्ढे दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ा रहे हैं।

जांच और अधूरा निर्माण जल्द पूरा करने की मांग

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण कई महीनों से अधूरा पड़ा है और बरसात शुरू होने से पहले कार्य पूरा नहीं किया गया। उन्होंने संबंधित विभाग से निर्माण गुणवत्ता की तकनीकी जांच, चोक नालियों की सफाई, बैलों चौराहे पर नाली निर्माण पूरा कराने और सड़क का कार्य जल्द समाप्त करने की मांग की है, ताकि लोगों को जलभराव से राहत मिल सके।

रिपोर्ट- अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर

यह भी पढ़ें: सीतापुर में सरकारी तालाब की जमीन हड़पने का आरोप, 5 लोगों पर धोखाधड़ी और जालसाजी का मुकदमा

Related Articles

Back to top button