गोरखपुर में मानसिक बीमार महिला से दरिंदगी, मंदिर के CCTV फुटेज से आरोपी गिरफ्तार

गोरखपुर के पिपराइच में मानसिक रूप से बीमार महिला के साथ कथित दुष्कर्म का मामला सामने आया। मंदिर के CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में मेडिकल जांच और कानूनी कार्रवाई जारी है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: गोरखपुर के पिपराइच थाना क्षेत्र से इंसानियत को झकझोर देने वाली एक घटना सामने आई है। मानसिक रूप से बीमार महिला के साथ कथित दुष्कर्म की वारदात मंदिर परिसर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि मामले में विधिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।

मंदिर के पास सो रही थी महिला, मानसिक स्थिति का उठाया फायदा

पुलिस के अनुसार, करीब 35 वर्षीय मानसिक रूप से बीमार महिला अक्सर पिपराइच कस्बे के एक मंदिर के पास रात में सो जाती थी। आरोप है कि 24 जुलाई की रात क्षेत्र निवासी दीपक गुप्ता वहां पहुंचा और महिला की मानसिक स्थिति का फायदा उठाकर उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

CCTV फुटेज से खुला पूरा मामला, पुलिस तक पहुंचा वीडियो

अगली सुबह महिला की संदिग्ध स्थिति देखकर स्थानीय लोगों को आशंका हुई। इसके बाद मंदिर के पुजारी ने परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी, जिसमें कथित वारदात रिकॉर्ड मिली। बाद में किसी व्यक्ति ने कार्रवाई की मांग करते हुए वीडियो पुलिस के एक्स (पूर्व ट्विटर) हैंडल पर साझा कर दिया। फुटेज सामने आते ही पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसकी तलाश शुरू कर दी।

आरोपी गिरफ्तार, मेडिकल जांच और विवेचना जारी

पुलिस ने मंगलवार को आरोपी दीपक गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया। मंदिर के पुजारी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और उसके बयान भी दर्ज किए गए हैं। एसपी नॉर्थ ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं, प्रभारी निरीक्षक पिपराइच के अनुसार मामले की विवेचना तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है, ताकि आरोपी के खिलाफ समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

रिपोर्ट- अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर

यह भी पढ़ें: CJP प्रदर्शन और पैलेट गन विवाद, सुप्रीम कोर्ट ने किन मुद्दों पर जताई चिंता?

Related Articles

Back to top button