सत्य निकेतन हादसे में MCD का एक्शन, डिप्टी कमिश्नर और 5 इंजीनियर सस्पेंड

सत्य निकेतन इमारत हादसे के बाद MCD ने बड़ी कार्रवाई की. दक्षिण जोन के डिप्टी कमिश्नर और 4 इंजीनियरों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है.

4पीएम न्यूज नेटवर्क: सत्य निकेतन इमारत हादसे के बाद MCD ने बड़ी कार्रवाई की. दक्षिण जोन के डिप्टी कमिश्नर और 4 इंजीनियरों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है.

दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में 5 मंजिला पीजी इमारत ढहने की दर्दनाक घटना के बाद दिल्ली नगर निगम (MCD) एक्शन मोड में आ गया है.

निगम प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए दक्षिण जोन के डिप्टी कमिश्नर (DC) सहित पांच वरिष्ठ अधिकारियों और इंजीनियरों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. MCD के विजिलेंस विभाग की ओर से जारी अलग-अलग कार्यालय आदेशों के अनुसार, इन सभी अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही लंबित रखी गई है.

MCD द्वारा 7 सितंबर 2026 को जारी आदेशों के तहत निलंबित किए गए अधिकारियों की सूची में शीर्ष प्रशासनिक व इंजीनियरिंग पदों के अधिकारी शामिल हैं-

राकेश कुमार डिप्टी कमिश्नर (दक्षिण जोन) [BMID No. 40030820]

रणवीर सिंह सुपरिंटेंडिंग इंजीनियर (SE / दक्षिण जोन)

ललित कुमार गोयल एग्जीक्यूटिव इंजीनियर (EE – बिल्डिंग)

सुनील चौहान असिस्टेंट इंजीनियर (AE – बिल्डिंग)

आशीष कुमार जूनियर इंजीनियर (JE – बिल्डिंग)

किस कानून के तहत हुई कार्रवाई?

MCD आयुक्त के निर्देशों के अनुपालन में जारी इन आदेशों में स्पष्ट किया गया है कि अधिकारियों को DMC Services (Control & Appeal) Regulations, 1959 के Regulation 5(2) के तहत निलंबित किया गया है. निलंबन की इस अवधि के दौरान सभी अधिकारियों को नियमानुसार निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा.

आदेश की आधिकारिक प्रतियां MCD आयुक्त समेत संबंधित वरिष्ठ विभागों और अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेज दी गई हैं.

यद्यपि जारी दस्तावेजों में किसी विशिष्ट अनियमितता का ब्योरा दर्ज नहीं है, लेकिन इस कार्रवाई को सीधे तौर पर सत्य निकेतन में जर्जर व अवैध पीजी निर्माण पर निगरानी न रखने और लापरवाही बरतने से जोड़कर देखा जा रहा है.

क्या है पूरा मामला?

सत्य निकेतन इलाके में रविवार दोपहर 1 बजे 30 साल पुरानी 5 मंजिला पेइंग गेस्ट (PG) इमारत ताश के पत्तों की तरह ढह गई, जिसमें 6 छात्रों समेत 7 की दर्दनाक मौत हो गई. 6 छात्रों के अलावा इस हादसे में एक और मजदूर का शव निकाला गया. 12 का रेस्क्यू अब तक किया गया है.

वहीं, दिल्ली पुलिस ने बिल्डिंग मालिक हरिराम को पकड़ने के लिए 10 अलग अलग टीमें बनाई है. इन 10 टीमों में जिले की लोकल पुलिस और स्पेशल स्टॉफ के अलावा जिले के अलग अलग ऑपरेशन यूनिट के पुलिसकर्मी शामिल है. इन सभी टीमों को जिले के एडिशनल DCP रैंक के अधिकारी लीड कर रहे है. हरिराम को पकड़ने के लिए पुलिस दिल्ली, हरियाणा, में रेड्स कर रही है.

Related Articles

Back to top button