55 साल पुराने कांग्रेस कार्यालय पर चला प्रशासन का ताला, सीतापुर में मचा सियासी हड़कंप
सीतापुर के घंटाघर स्थित 55 साल पुराने शहर कांग्रेस कार्यालय को प्रशासन ने खाली कराकर नगर पालिका के कब्जे में ले लिया। नोटिस की अवधि पूरी होने के बाद भवन पर ताला जड़ा गया।

4पीएम न्यूज नेटवर्कः सीतापुर में शनिवार को शहर कांग्रेस कमेटी के करीब 55 साल पुराने कार्यालय पर प्रशासन की कार्रवाई से राजनीतिक हलकों में हलचल मच गई। घंटाघर स्थित नगर पालिका की इमारत में संचालित कार्यालय को पुलिस बल की मौजूदगी में खाली कराया गया। इसके बाद नगर पालिका ने भवन पर अपना कब्जा लेते हुए ताला जड़ दिया। प्रशासन के मुताबिक, नोटिस की अवधि पूरी हो चुकी थी और अदालत से भी तत्काल राहत नहीं मिली थी।
नोटिस के बाद प्रशासन ने की कार्रवाई
शनिवार सुबह एसडीएम सदर डॉ. जनार्दन कुमार, तहसीलदार अजीत जायसवाल और नगर पालिका के अधिकारी पुलिस बल के साथ घंटाघर स्थित कार्यालय पहुंचे। टीम ने कार्यालय परिसर में लगा शहर कांग्रेस कमेटी का बोर्ड हटवाया और भवन को खाली कराने की प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद नगर पालिका की ओर से भवन पर ताला लगा दिया गया। कार्रवाई के दौरान मौके पर पुलिस बल तैनात रहा, ताकि किसी तरह की स्थिति उत्पन्न न हो।
हाईकोर्ट से नहीं मिली तत्काल राहत
प्रशासन के अनुसार, नगर पालिका ने करीब 15 दिन पहले भवन खाली करने का नोटिस जारी किया था। कांग्रेस पदाधिकारियों ने इस आदेश को हाईकोर्ट में चुनौती दी थी, लेकिन उन्हें तत्काल राहत नहीं मिली। एसडीएम सदर डॉ. जनार्दन कुमार ने बताया कि निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई करते हुए भवन को नगर पालिका के कब्जे में लिया गया है।
55 साल से था कार्यालय, किराया न देने का मामला
प्रशासन का कहना है कि नगर पालिका की इस इमारत में शहर कांग्रेस कमेटी का कार्यालय करीब 55 वर्षों से संचालित हो रहा था। कार्रवाई के पीछे लंबे समय से भवन का किराया जमा न किए जाने का मामला भी बताया गया है। फिलहाल नगर पालिका ने भवन पर अपना कब्जा ले लिया है। कार्रवाई के बाद कांग्रेस कार्यालय का संचालन किस स्थान से होगा, इसे लेकर पार्टी की ओर से आगे क्या कदम उठाया जाता है, इस पर नजर रहेगी।
रिपोर्ट – वली चौधरी, सीतापुर
यह भी पढ़ें: 8 साल से नहीं सुलझा गोरखपुर स्टेशन रोड का जाम, रोडवेज बसों पर उठे बड़े सवाल



