70 करोड़ की जमीन पर चला प्रशासन का बुलडोजर नहीं, सीधा कब्जा… मचा हड़कंप

सीतापुर के हुसैनगंज में डीएम कोर्ट के आदेश पर प्रशासन ने करीब 70 करोड़ रुपये मूल्य की 47 बीघा भूमि पर सरकारी कब्जा लिया। अतिक्रमण और अवैध खरीद-फरोख्त पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: सीतापुर में करोड़ों रुपये मूल्य की भूमि को लेकर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए डीएम कोर्ट के आदेश पर करीब 70 करोड़ रुपये की बताई जा रही 47 बीघा जमीन पर सरकारी कब्जा ले लिया। सदर तहसील के हुसैनगंज स्थित इस भूमि पर राजस्व विभाग और तहसील प्रशासन की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए सरकारी संपत्ति का बोर्ड भी लगा दिया।

डीएम कोर्ट के आदेश पर हुई कार्रवाई

प्रशासन के अनुसार, हुसैनगंज स्थित प्लाईवुड फैक्ट्री की लगभग 47 बीघा भूमि पर डीएम कोर्ट के आदेश के अनुपालन में कब्जा लिया गया। कार्रवाई के दौरान राजस्व विभाग और तहसील प्रशासन के अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। भूमि को सरकारी अभिलेखों के अनुसार सरकारी संपत्ति मानते हुए उसे चिन्हित किया गया।

भूमि पर स्वामित्व को लेकर रहा विवाद

बताया जा रहा है कि इस जमीन पर कानपुर के जफरुल्ला परिवार स्वामित्व का दावा करता रहा है। हालांकि प्रशासन का कहना है कि उपलब्ध राजस्व अभिलेखों और सक्षम न्यायिक आदेश के आधार पर भूमि पर सरकारी कब्जा लिया गया है। यदि संबंधित पक्ष को कोई आपत्ति है तो वह विधिक प्रक्रिया के तहत अपना पक्ष रख सकता है।

खरीद-फरोख्त या अतिक्रमण पर सख्त चेतावनी

कार्रवाई के बाद प्रशासन ने भूमि पर सरकारी कब्जे का बोर्ड लगा दिया है। अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि इस भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण, अवैध कब्जा या खरीद-फरोख्त करने का प्रयास किया गया तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का कहना है कि सरकारी संपत्तियों की सुरक्षा और संरक्षण के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

रिपोर्ट – वली चौधरी

यह भी पढ़ें: उन्नाव में पिता की हत्या का आरोपी बेटा गिरफ्तार, हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी भी बरामद

Related Articles

Back to top button