एयर चीफ मार्शल ने छात्रों को बताया सफलता का राज, बोले- पहले अच्छा इंसान बनो

गोरखपुर में एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह ने विद्यार्थियों को सफलता का मंत्र दिया। उन्होंने सही दिशा, निरंतर मेहनत, अच्छे संस्कार और दूसरों से तुलना न करने की सीख दी।

4पीएम न्यूज नेटवर्क:  गोरखपुर के माथाबारी स्थित सरस्वती गुरुकुल में गुरुवार को विद्यार्थियों के लिए दिन खास रहा। भारतीय वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह के पहुंचते ही परिसर जयघोष और ‘जय हिंद’ के नारों से गूंज उठा। छात्रों से संवाद के दौरान उन्होंने सफलता को लेकर बेहद सरल लेकिन महत्वपूर्ण बात कही—सिर्फ तेज चलना जरूरी नहीं, सही दिशा में आगे बढ़ना और अच्छा इंसान बनना सबसे अहम है।

गलत दिशा में तेज दौड़ने से मंजिल नहीं मिलेगी

विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह ने कहा कि जीवन में लक्ष्य तय करना जितना जरूरी है, उतना ही जरूरी सही दिशा चुनना भी है। अगर दिशा गलत हो तो व्यक्ति कितनी भी तेजी से आगे बढ़े, वह मंजिल तक नहीं पहुंच पाएगा।

उन्होंने छात्रों को असफलताओं से घबराने के बजाय उनसे सीख लेने की सलाह दी। उनके मुताबिक गिरना असफलता नहीं, बल्कि गिरने के बाद दोबारा उठकर प्रयास न करना ज्यादा बड़ी समस्या है।

शिक्षा और संस्कार ही जीवन की मजबूत जड़

वायुसेना प्रमुख ने विद्यार्थियों से कहा कि आज उनके सामने देश का भविष्य बैठा है। कोई आगे चलकर सेना, नौसेना या वायुसेना में जाएगा तो कोई डॉक्टर, इंजीनियर या आईएएस अधिकारी बनेगा। लेकिन किसी भी पेशे में जाने से पहले अच्छा इंसान बनना जरूरी है।

उन्होंने पेड़ का उदाहरण देते हुए कहा कि जिस तरह पेड़ की मजबूती उसकी जड़ों पर निर्भर करती है, उसी तरह इंसान की नींव शिक्षा और संस्कार मजबूत बनाते हैं।

दूसरों से तुलना नहीं, अपने लक्ष्य पर करें फोकस

एयर चीफ मार्शल ने छात्रों को खुद की तुलना दूसरों से न करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति की क्षमता और प्रतिभा अलग होती है। इसलिए दूसरों को देखकर अपना मूल्यांकन करने के बजाय अपने लक्ष्य पर ध्यान देना चाहिए।

उन्होंने यह भी कहा कि सफलता हासिल करने के बाद जिम्मेदारी खत्म नहीं होती। देश और समाज ने हमें बहुत कुछ दिया है, इसलिए आगे बढ़ने के साथ समाज और राष्ट्र के प्रति योगदान देने की भावना भी विकसित करनी चाहिए।

रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर

यह भी पढ़ें: नदी में स्नान करते-करते गहरे पानी में पहुंचा शख्स, फिर PAC जवानों ने ऐसे बचाई जान

Related Articles

Back to top button