बिहार में छात्रों पर लाठीचार्ज पर विपक्ष का सवाल

- लाठियों से सवाल नहीं दबेंगे, छात्रों को न्याय दो : राहुल गांधी
- कांग्रेस व राजद ने सम्राट सरकार को घेरा
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली। लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने एकबार फिर भाजपा सरकार को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर विरोध कर रहे छात्रों का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि लाठियों से सवालों को दबाया नहीं जा सकता और राज्य सरकार से जवाबदेही की मांग की। मंगलवार को पटना में तनाव बढ़ गया, जब पुलिस ने 70वीं बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) परीक्षा रद्द करने की मांग को लेकर राजभवन और मुख्यमंत्री आवास की ओर मार्च कर रहे छात्रों को तितर-बितर करने के लिए वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया। एक पोस्ट में गांधी ने कहा कि बिहार में छात्र सीधा सवाल पूछ रहे हैं, भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी क्यों होती है?
पेपर लीक के आरोपों पर कोई कार्रवाई क्यों नहीं होती और कब तक युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जाता रहेगा? गांधी ने कहा कि परीक्षाओं को लेकर विवाद कोई नई बात नहीं है, छात्र लंबे समय से भर्ती प्रक्रिया, परीक्षा पैटर्न, देरी और पारदर्शिता की कमी को लेकर चिंता जताते रहे हैं। गांधी ने कहा कि यह सिर्फ़ पुलिस की कार्रवाई का सवाल नहीं है, यह भाजपा सरकार की सोच का सवाल है। जवाब न होने पर, सरकार अपनी जवाबदेही से बचने के लिए पुलिस का इस्तेमाल एक हथियार के तौर पर कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार को यह समझना चाहिए, लाठियों से सवालों को दबाया नहीं जा सकता। डरा-धमकाकर किसी का भविष्य छीना नहीं जा सकता।बहार के छात्र सवाल पूछते रहेंगे। और अब, वे सिर्फ़ जवाब नहीं, बल्कि जवाबदेही की मांग कर रहे हैं।
जवाब देने के बजाय सरकार वॉटर कैनन का इस्तेमाल कर रही
उन्होंने कहा कि जवाब देने के बजाय सरकार क्या कर रही है? वह लाठी और वॉटर कैनन का इस्तेमाल कर रही है। वह छात्रों को हिरासत में ले रही है। सिवान में तो प्रदर्शनकारियों पर एके-47 से फायरिंग की खबरें भी आईं। कांग्रेस नेता ने आगे आरोप लगाया कि यह मामला सिर्फ़ पुलिस की कार्रवाई का नहीं है, बल्कि छात्रों की चिंताओं के प्रति भारतीय जनता पार्टी सरकार के रवैये का भी है।
युवाओं के भविष्य को कुचला जा रहा : तेजस्वी
पटना। बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने पटना के पीएमसीएच पहुंचकर प्रतियोगी परीक्षाओं में धांधली के विरोध प्रदर्शन के दौरान घायल हुए छात्रों का हालचाल जाना। उन्होंने केंद्र व राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि युवाओं के भविष्य को कुचला जा रहा है। प्रदर्शनकारी छात्रों ने मांगें पूरी न होने पर आगामी दिनों में बिहार बंद की चेतावनी भी दी है। तेजस्वी ने ‘एक्स’ पर कहा, पीएमसीएच में पटना के लोकतांत्रिक प्रदर्शन के दौरान पुलिस के बर्बर लाठीचार्ज में घायल छात्रों से मिला। ‘इमरजेंसी’ वार्ड में भर्ती छात्रों को घंटों तक इलाज तक नहीं मिला। अपने अधिकारों और हक की आवाज उठाने वाले प्रदर्शनकारियों पर एके-47 से गोलियां चलाई जा रही हैं और लाठीचार्ज किया जा रहा है। राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को दुर्घटनावश मुख्यमंत्री बताते हुए कहा कि उन्हें पुलिस कार्रवाई के लिए छात्रों से तत्काल माफी मांगनी चाहिए। तेजस्वी द्वारा साझा किए गए वीडियो में वह पीएमसीएच में घायल छात्रों से बातचीत करते नजर आए। एक छात्रा ने दावा किया कि अस्पताल लाए जाने के तीन घंटे बाद उसके सिर में टांके लगाए गए। वहीं, एक छात्र ने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने उसे निशाना बनाकर पीटा और उसके सिर में 13 टांके लगे। वीडियो में मौजूद एक चिकित्सक ने तेजस्वी से कहा कि सीटी स्कैन में घायल छात्र के सिर में सूजन पाई गई है।



