गोरखपुर जलभराव पर अखिलेश यादव का बयान,कहा- ‘सैफई से सीख लेते तो शहर न डूबता’

अखिलेश यादव ने गोरखपुर के जलभराव को लेकर योगी सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने सीएम को सैफई से सीख लेने की बात कही और चुनाव आयोग, Form-7, वोट चोरी और खेल बजट को लेकर भी कई बड़े दावे किए.

4पीएम न्यूज नेटवर्क: अखिलेश यादव ने गोरखपुर के जलभराव को लेकर योगी सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने सीएम को सैफई से सीख लेने की बात कही और चुनाव आयोग, Form-7, वोट चोरी और खेल बजट को लेकर भी कई बड़े दावे किए.

समाजवादी पार्टी के प्रमुख और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने योगी सरकार पर रविवार को हमला बोला. उन्होंने गोरखपुर और सैफई की तुलना करते हुए कहा कि जो सीएम अपने शहर का काम नहीं कर सकते, वो कम से कम सैफई से सीख लेते. इन्हें 10 साल में सैफई से ज्यादा काम गोरखपुर में कराना था, लेकिन मुख्य नगरी में पानी भरा हुआ है और डूब रही है. उन्होंने कहा कि अगर सैफई से प्रेरणा ली होती तो जहां मेट्रो चलनी थी, वहां नाव चल रही है. ये मेट्रो चलाने की बात कर रहे थे, वहां नाव चलाने की स्थिति है.

अखिलेश यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री को दस साल में सैफई से ज्यादा अच्छा काम करना चाहिये था. वो दिन-रात सैफई का नाम लेते रहते हैं. गोरखपुर में जो हो रहा है, वो लगता है कि आपसी लड़ाई है. अखिलेश यादव ने सीएम योगी पर तंज कसते हुए कहा कि ये आने वाले समय में भाजपा से लड़ेंगे या किसी और पार्टी से? कहीं ऐसा ना हो कि चुनाव में किसी वाहिनी से लड़ें. मुख्यमंत्री को किसी जगह से प्रेम नहीं है और न ही वो प्रेम करना जानते हैं.

चुनाव आयोग पर अखिलेश ने साधा निशाना
चुनाव आयोग पर निशाना साधते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि 2017 में हमने ध्यान नहीं दिया. 2022 में चुनाव निष्पक्ष नहीं हुए, अगर निष्पक्ष चुनाव होते तो हमारी सरकार बनती, लेकिन 2024 में हम लोग जागरूक थे, इसलिए इतने सांसद जिता ले गए.

उन्होंने कहा कि इन्होंने हर जगह बेईमानी की, अपने लोगों को पोस्ट दिया. बेईमानी तो हो रही है, बात बस इतनी है कि अब बेईमानी खुल गई है. अखिलेश ने तंज कसते हुए कहा कि जो लोग मंदिर में चढ़ावा चोरी कर सकते हैं उनसे क्या उम्मीद करेंगे? ⁠बीजेपी ने प्राइवेट कंपनी को लगा कर फॉर्म-7 भरवा कर भेजने का काम किया. PDA प्रहरियों ने जागरूकता से काम करते हुए उनको पकड़ लिया. बीजेपी वाले फॉर्म-7 पर फर्जी दस्तखत करवा रहे थे, पकड़े गए थे.

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अगर इलेक्शन कमीशन के पक्ष में बोल रहे हैं तो वो खुद घोटाले में शामिल हैं. चुनाव आयोग अपनी क्रेडिबिलिटी बचाए और किसी के इशारे पर काम ना करे बस इतनी सी बात है. उन्होंने आरोप लगाया कि नोएडा में बड़े पैमाने पर वोट चोरी की जा रही है और फर्जी वोट बनाए गए हैं.

सपा-कांग्रेस के बीच बयानबाजी पर तोड़ी चुप्पी
कांग्रेस-सपा के बीच बयानबाजी के सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा कि हम भी विरोधियों से कुछ सीखते हैं. ⁠वो ऊपर ऊपर लड़ते हैं, और अंदरखाने सब मिले हुए होते हैं. हमारी लड़ाई भी रणनीति का हिस्सा है, ये हमारी स्ट्रेटेजी है. उन्होंने खिलाड़ियों के लिए घोषणा करते हुए कहा कि समाजवादी सरकार आने पर स्पोर्ट्स का बजट बढ़ाया जाएगा. इस सरकार ने सम्मान देने का काम रोक दिया, हम दोबारा शुरू करेंगे. यश भारती से सम्मानित लोगों को एक लाख मासिक और 21 लाख की सम्मान राशि देने का काम करेंगे.

Related Articles

Back to top button