उन्नाव में कोतवाली के बाहर हाई वोल्टेज ड्रामा, चालान से नाराज ई-रिक्शा चालक ने किया आत्मदाह का प्रयास
उन्नाव के गंगाघाट कोतवाली के बाहर चालान से नाराज ई-रिक्शा चालक ने कथित तौर पर आत्मदाह का प्रयास किया। पुलिस और होमगार्ड की सतर्कता से बड़ा हादसा टला। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उन्नाव के गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जब एक ई-रिक्शा चालक ने कथित तौर पर बेवजह चालान किए जाने के विरोध में कोतवाली के बाहर आत्मदाह का प्रयास किया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और होमगार्ड की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
खुद पर ऑयल डालकर आग लगाने की कोशिश
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चालक ने पहले पुलिस कार्रवाई का विरोध किया और फिर अपने ऊपर ऑयल डालकर आग लगाने की कोशिश की। वहां मौजूद यातायात पुलिस और होमगार्ड के जवानों ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए युवक को पकड़ लिया और उसे आत्मदाह करने से रोक दिया। उनकी त्वरित कार्रवाई से स्थिति नियंत्रण में आ गई।
चालान को लेकर पुलिस पर लगाए आरोप
युवक का आरोप है कि उसका बिना किसी उचित कारण के चालान किया गया, जिससे वह आक्रोशित हो गया। उसने पुलिस के खिलाफ मौके पर जमकर विरोध प्रदर्शन किया और अपनी नाराजगी जाहिर की। हालांकि, पुलिस की ओर से इस आरोप पर तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
पुलिस ने हिरासत में लेकर शुरू की कार्रवाई
घटना के बाद पुलिस युवक को हिरासत में लेकर गंगाघाट कोतवाली ले गई। मामले की जांच की जा रही है। वहीं, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर भी चर्चा तेज है। पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की जांच के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट- रंजन बाजपाई, उन्नाव
यह भी पढ़ें: बरेली प्रेस कॉन्फ्रेंस में सरकार पर विपक्ष का हमला, कई मुद्दों पर लगाए गंभीर आरोप



