लखनऊ में दोहरे हत्याकांड से दहला इलाका, होमगार्ड ने पत्नी-बेटी को उतारा मौत के घाट
पीएसी (PAC) में तैनात एक होमगार्ड पर अपनी ही पत्नी और बेटी की गला घोंटकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगा है। इस सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: लखनऊ के कृष्णानगर क्षेत्र के भोला खेड़ा इलाके में शुक्रवार सुबह एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। पीएसी (PAC) में तैनात एक होमगार्ड पर अपनी ही पत्नी और बेटी की गला घोंटकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगा है। इस सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह एक ही घर में मां और बेटी के शव मिलने से सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि आरोपी होमगार्ड रविंदर ने वारदात को अंजाम देने के बाद खुद पुलिस को फोन कर इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फॉरेंसिक टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया।
पुलिस ने आरोपी रविंदर को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, ताकि मौत के असल कारणों और समय का स्पष्ट पता चल सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और हरसंभव कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



