सेना प्रमुख धीरज सेठ का आज से नेपाल दौरा, सैन्य सहयोग बढ़ाने पर रहेगा फोकस
आर्मी चीफ जनरल धीरज सेठ का यह दौरा भारत और नेपाल के बीच सैन्य संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में अहम माना जा रहा है. इस दौरान वह नेपाली सेना के शीर्ष नेतृत्व के साथ अहम बैठकों में हिस्सा लेंगे.

4पीएम न्यूज नेटवर्क: आर्मी चीफ जनरल धीरज सेठ का यह दौरा भारत और नेपाल के बीच सैन्य संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में अहम माना जा रहा है. इस दौरान वह नेपाली सेना के शीर्ष नेतृत्व के साथ अहम बैठकों में हिस्सा लेंगे.
भारतीय थल सेना प्रमुख (COAS) जनरल धीरज सेठ आज (17) से 19 अगस्त तक नेपाल के आधिकारिक दौरे पर रहेंगे. इस दौरान भारत और नेपाल के बीच रक्षा सहयोग और दोनों सेनाओं के संबंधों को और मजबूत करने पर जोर रहेगा.
दौरे के पहले दिन जनरल धीरज सेठ काठमांडू के टुंडिखेल स्थित आर्मी पैवेलियन में शहीदों को श्रद्धांजलि देंगे और नेपाली सेना मुख्यालय में गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा. वह नेपाली सेना प्रमुख से मुलाकात करेंगे और सैन्य अभियानों से जुड़े मुद्दों पर जानकारी हासिल करेंगे.
इसके बाद नेपाल के राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल एक विशेष समारोह में जनरल धीरज सेठ को नेपाली सेना के मानद जनरल की उपाधि देंगे. भारत और नेपाल की सेनाओं के बीच यह एक खास और पुरानी परंपरा है.
आर्मी कमांड एंड स्टाफ कोर्स के छात्रों को करेंगे संबोधित
18 अगस्त को सेना प्रमुख शिवपुरी में आर्मी कमांड एंड स्टाफ कोर्स के छात्र अधिकारियों को संबोधित करेंगे. वह प्रशिक्षकों और विदेशी छात्र अधिकारियों से भी बातचीत करेंगे. इसके अलावा नेपाल के वरिष्ठ अधिकारियों से आपसी हित के मुद्दों पर चर्चा करेंगे.
पोखरा में पूर्व सैनिक रैली में होंगे शामिल
19 अगस्त को पोखरा में पूर्व सैनिक रैली में शामिल होंगे. इस दौरान वह वीर नारियों और वीरता पुरस्कार विजेताओं को सम्मानित करेंगे और भारतीय सेना के पूर्व सैनिकों से मुलाकात करेंगे. इसके बाद वह भारत लौटेंगे.
सामाजिक और सांस्कृतिक रिश्ते बेहद मजबूत
भारत और नेपाल के बीच ऐतिहासिक, सामाजिक और सांस्कृतिक रिश्ते बेहद मजबूत हैं. दोनों देशों के संबंधों को अक्सर रोटी-बेटी का रिश्ता कहा जाता है. यह दौरा दोनों देशों के बीच गहरे सैन्य और रणनीतिक संबंधों को और मजबूत करने के साथ रक्षा सहयोग के नए रास्ते तलाशने का अवसर देगा.



