एशियन गेम्स: भारत का रजत पक्का, अब लक्ष्य गोल्ड

- बांग्लादेश को 114 रन से सेमीफाइनल में हराया, फाइनल में श्रीलंका से होगा मुकाबला
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
निशिन। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने एशियन गेम्स 2026 के महिला क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल में जगह बना ली है। निशिन के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेले गए सेमीफाइनल में भारत ने बांग्लादेश को 114 रन से करारी शिकस्त दी। सेमीफाइनल जीतने के साथ भारत ने एशियन गेम्स 2026 में कम से कम रजत पदक पक्का कर लिया है। अब टीम के सामने स्वर्ण पदक जीतने की चुनौती होगी। फाइनल में भारत का सामना श्रीलंका से होगा। यह मुकाबला 22 सितंबर को खेला जाएगा।
श्रीलंका ने दूसरे सेमीफाइनल में पाकिस्तान को आठ विकेट से हराकर फाइनल में जगह बनाई। श्रीलंका ने 178 रन का लक्ष्य 17.5 ओवर में दो विकेट खोकर हासिल किया था। अब भारत के पास 2023 हांगझोउ एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक को बरकरार रखने का मौका होगा। भारत ने बांग्लादेश के खिलाफ सेमीफाइनल में जिस तरह बल्लेबाजी और गेंदबाजी की, उससे टीम ने फाइनल से पहले अपना दावा मजबूत किया है। हालांकि खिताबी मुकाबला एक अलग चुनौती होगा और भारत के सामने श्रीलंका की टीम होगी। भारत ने सेमीफाइनल में पहले बल्लेबाजी करते हुए 195 रन बनाए और फिर बांग्लादेश को 81 रन पर समेट दिया। एक तरफ शेफाली का शतक रहा, तो दूसरी ओर गेंदबाजों ने मिलकर बांग्लादेश की पूरी पारी को दबाव में रखा। नतीजा रहा 114 रन की बड़ी जीत और फाइनल का टिकट।
एशियन गेम्स में पहला शतक लगाने वाली खिलाड़ी बनीं शेफाली
निशिन। सेमीफाइनल में शेफाली वर्मा ने बांग्लादेश के खिलाफ तूफानी शतक लगाकर इतिहास रच दिया। शेफाली ने 49 गेंदों में अपना पहला टी20 अंतरराष्ट्रीय शतक पूरा किया। इस शतक के साथ शेफाली एशियन गेम्स के क्रिकेट इतिहास में शतक लगाने वाली पहली बल्लेबाज बन गईं। इसके साथ उन्होंने स्मृति मंधाना के भारतीय महिला क्रिकेट में सबसे तेज टी20 शतक के रिकॉर्ड की बराबरी भी कर ली। मंधाना ने 2018 में न्यूजीलैंड के खिलाफ 49 गेंदों में शतक लगाया था। शेफाली ने इस शतक के साथ 2026 में महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने रनों की संख्या 815 तक पहुंचा दी। वह इस सूची में दूसरे स्थान पर हैं। दक्षिण अफ्रीका की लॉरा वोल्वार्ड्ट 824 रन के साथ शीर्ष पर हैं। शेफाली ने बांग्लादेश के खिलाफ अपनी शतकीय पारी में नौ छक्के लगाए। इसके साथ ही वह महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक कैलेंडर वर्ष में सबसे ज्यादा छक्केलगाने वाली बल्लेबाज बन गई हैं। 2026 में उनके नाम 35 छक्के हो चुके हैं।



