दिल्ली में कांग्रेस नेता पवन खेड़ा के घर पहुंची असम पुलिस, सीएम हिमंता की पत्नी पर लगाए थे आरोप

असम में विधानसभा चुनाव प्रचार के अंतिम दिन दिल्ली तक जोरदार राजनीतिक हलचल दिख रही है. कांग्रेस की ओर से 2 दिन पहले राज्य के मुख्यमंत्री हिंमता बिस्वा सरमा और उनकी पत्नी रिंकी भुइंया सरमा पर जमकर आरोप लगाए गए. इसके बाद रिंकी ने झूठे आरोप को लेकर शिकायत भी दर्ज कराई. शिकायत के बाद असम पुलिस की टीम दिल्ली पुलिस के साथ आज मंगलवार को कांग्रेस नेता पवन खेड़ा के दिल्ली स्थित घर पहुंच गई. खेड़ा ने सरमा की पत्नी पर 3 पासपोर्ट होने का आरोप लगाया था.
सूत्रों के अनुसार, असम पुलिस की टीम दिल्ली के निजामुद्दीन स्थित पवन खेड़ा के घर पर पहुंच गई है, हालांकि वह अभी घर पर नहीं हैं, दिल्ली से बाहर गए हुए हैं.
कांग्रेस ने सरमा से मांगे 3 सवालों के जवाब
इससे पहले असम में कांग्रेस के नेताओं पवन खेड़ा और गौरव गोगोई ने रविवार शाम मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा पर गंभीर आरोप लगाए थे और उनसे इस संबंध में 3 सवालों के जवाब देने को कहा कि क्या उनके परिवार की विदेश में संपत्तियां और कंपनियां हैं.
पवन खेड़ा ने ये आरोप असम में 9 अप्रैल को होने वाली वोटिंग से ठीक 4 दिन पहले रविवार को नई दिल्ली में एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान लगाए थे. फिर कांग्रेस की ओर से शाम को गुवाहाटी में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री से 3 सवाल पूछे गए: क्या उनकी पत्नी या परिवार के पास दुबई में संपत्ति है, क्या उनकी अमेरिका के व्योमिंग में कंपनियां हैं, या क्या उनकी पूंजी सेल कंपनियों में है.
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के प्रवक्ता पवन खेड़ा ने दिल्ली में आरोप लगाया था कि सरमा की पत्नी के पास 3 पासपोर्ट हैं, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), एंटीगुआ-बारबुडा और मिस्र के 3 पासपोर्ट हैं, जो क्रमशः मार्च 2027, अगस्त 2031 और फरवरी 2029 में खत्म हो रहे हैं. जब उनसे यह पूछा गया कि ये आरोप विधानसभा चुनाव से महज 4 दिन पहले ही क्यों लगाए गए, तो उन्होंने कहा, “हमारे पास पहले भी जानकारी थी, लेकिन तथ्यों की जांच जरूरी थी.”
गीता पर हाथ रखकर सच नहीं बोलेंगेः खेड़ा
साथ ही कांग्रेस नेताओं की ओर से यह मांग की गई कि सरमा चुनाव आयोग को दुबई में अपनी पत्नी की कथित संपत्ति, व्योमिंग स्थित कंपनी और सेल कंपनियों में लगाई गई संपत्तियों के संबंध में एक हलफनामा दाखिल करें. कांग्रेस नेता गौरव गोगोई कहा था कि सरमा ने उन पर पाकिस्तान में अपनी पत्नी के कथित बैंक खातों का खुलासा न करने का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा, “मैं भगवद्गीता पर हाथ रखकर कह सकता हूं कि यह सच नहीं है, लेकिन क्या वह ऐसा कर सकते हैं?”
वहीं खेड़ा ने भी आरोप लगाया कि सरमा शायद ‘गीता पर हाथ रख कर भी सच नहीं बोलेंगे, क्योंकि मुझे नहीं लगता कि वह वास्तव में किसी तरह से धार्मिक हैं और हम चाहते हैं कि वह इन संपत्तियों के बारे में हलफनामा दें, जिनका उल्लेख उन्होंने नामांकन दाखिल करते समय नहीं किया.’
CM सरमा की पत्नी ने दर्ज कराई शिकायत
विपक्षी पार्टी की ओर से आरोप लगाए जाने से भड़के हिमंत बिस्वा सरमा ने बताया कि उनकी पत्नी ने कांग्रेस नेता पवन खेड़ा के खिलाफ “झूठे आरोप” लगाने के लिए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. इससे पहले, सरमा ने रविवार को भी कहा था कि वह और उनकी पत्नी पवन खेड़ा के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेंगे, जिन्होंने उन पर झूठे आरोप लगाए हैं कि उनके पास कई पासपोर्ट हैं. साथ ही दुबई में कई संपत्तियां हैं जिसका जिक्र उनके चुनावी हलफनामे में नहीं किया गया है.



