ज्योतिषी विजय को यूएस का राष्ट्रपति भी बना सकते हैं : कनिमोझी

- डीएमके सांसद ने सचिवालय की योजनाओं को लेकर सीएम का उड़ाया मजाक
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
चेन्नई। डीएमके सांसद कनिमोझी ने नए सचिवालय निर्माण की योजना को लेकर मुख्यमंत्री और उनके ज्योतिषी पर तंज कसा है। चेन्नई के पट्टिनापक्कम में 1,200 करोड़ रुपये की लागत वाले इस प्रस्तावित प्रोजेक्ट का स्थानीय मछुआरा समुदाय भी आजीविका प्रभावित होने के कारण कड़ा विरोध कर रहा है। डीएमके सांसद कनिमोझी ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ की नई सचिवालय बनाने की योजना पर तीखा तंज कसा। उन्होंने इस कदम को मुख्यमंत्री के ज्योतिषी से जोड़ते हुए मज़ाक उड़ाया और कहा कि हो सकता है कि ज्योतिषी उन्हें अमेरिका का राष्ट्रपति बनाने की भी योजना बना रहे हों।
कनिमोझी ने एक कार्यक्रम में ये बातें कहीं। उन्होंने ज्योतिषी रिकी राधन पंडित वेट्रिवेल के साथ मुख्यमंत्री के जुड़ाव पर तंज कसते हुए उनकी राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं का मजाक उड़ाया। 1,200 एकड़ में बनने वाले नए सचिवालय कॉम्प्लेक्स की योजनाओं का ज़िक्र करते हुए सांसद ने कहा मुझे नहीं पता कि ज्योतिषी ने उनसे क्या कहा लेकिन वे एक नई विधानसभा बनाने जा रहे हैं। इसके बाद उन्होंने मज़ाक करते हुए कहा कि हो सकता है ज्योतिषी ने विजय से कहा हो कि समुद्र को देखने से ही वह मुख्यमंत्री बन गए थे और उसे दोबारा देखने से वह प्रधानमंत्री बन सकते हैं। कनिमोझी ने कहा समुद्र के सामने वाले ऑफिस में जाने से पहले वह मुख्यमंत्री हैं। उस ऑफिस में जाने के बाद, शायद वह प्रधानमंत्री बनने की इच्छा रखेंगे। अपनी बात में तंज कसते हुए कनिमोझी ने कहा कि ज्योतिषी विजय को राष्ट्रपति बनने के लिए सीधे अमेरिका भेजने से पहले दिल्ली में ताजमहल या हिमालय देखने की सलाह भी दे सकते हैं। नए सचिवालय के लिए विजय की योजनाओं ने एक बड़ा विवाद खड़ा कर दिया है।



