चंदौसी ड्यूटी पर जा रहा था अंकुश, रास्ते में हुआ ऐसा हादसा कि घर में मचा कोहराम

बदायूं के इस्लामनगर-चंदौसी मार्ग पर जाफरपुर गांव के पास बाइक हादसे में अंकुश पाल की मौत हो गई। वह चंदौसी ड्यूटी पर जा रहे थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क: बदायूं के इस्लामनगर क्षेत्र में गुरुवार शाम सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। इस्लामनगर-चंदौसी मार्ग पर जाफरपुर गांव के पास बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे इलाज के लिए चंदौसी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

ड्यूटी पर जा रहा था अंकुश

मृतक की पहचान गांव चंदोई निवासी अंकुश पाल पुत्र प्रेम सिंह पाल के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक अंकुश पाल गुरुवार शाम एक अन्य युवक के साथ बाइक से चंदोई गांव से चंदौसी ड्यूटी पर जा रहे थे।

बताया गया कि शाम करीब सात बजे जाफरपुर गांव के पास सड़क से टीन की चादर लेकर जा रहे एक व्यक्ति के पास से बाइक गुजर रही थी। इसी दौरान हादसा हो गया। हादसे में अंकुश की गर्दन में गंभीर चोट लगने की बात सामने आई है।

अस्पताल पहुंचने से पहले नहीं बची जान

हादसे के बाद अंकुश को घायल अवस्था में परिजन चंदौसी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही इस्लामनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया।

पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए बदायूं भेज दिया।

पुलिस जांच के बाद साफ होगी तस्वीर

हादसे की सूचना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। शुरुआती जानकारी के आधार पर हादसे की परिस्थितियां सामने आई हैं, लेकिन दुर्घटना वास्तव में किस तरह हुई और इसमें किसकी भूमिका रही, यह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

रिपोर्ट – संतुलित पाठक (बदायूं)

यह भी पढ़ें: गोरखपुर में छात्रसंघ बहाली के पोस्टर से हलचल, छात्रनेता बोले- रात 12 बजे थाने ले गई पुलिस

Related Articles

Back to top button