बदायूं में ईख के खेत में मिला किसान का शव, ट्रैक्टर चालक के आत्मसमर्पण से बढ़ा रहस्य

बदायूं के जरीफनगर में खेत की जुताई कराने गए 40 वर्षीय किसान छत्रपाल का शव ईख के खेत में मिला। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम करा रही है।

बदायूं के जरीफनगर क्षेत्र में मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब खेत की जुताई कराने गए किसान का शव ईख के खेत में संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। शव मिलने की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। वहीं, ट्रैक्टर चालक ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण किया है।

जुताई कराने खेत पहुंचा था किसान

मामला जरीफनगर थाना क्षेत्र के भीमपुर दोस्तपुर गांव का है। मृतक की पहचान 40 वर्षीय छत्रपाल पुत्र जुगेंद्र, निवासी मिठनपुर थाना जुनवाई, जिला संभल के रूप में हुई है। बताया गया कि छत्रपाल जरीफनगर क्षेत्र स्थित अपने खेत की ट्रैक्टर से जुताई कराने गया था। इसी दौरान उसका शव ईख के खेत में मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की।

परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

छत्रपाल की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के चार बच्चे हैं, जिनमें दो बेटियां और दो बेटे शामिल हैं। परिजनों ने किसान की हत्या किए जाने की आशंका जताते हुए मामले की गहराई से जांच की मांग की है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद साफ होगी तस्वीर

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला मुख्यालय भेज दिया है। ट्रैक्टर चालक के आत्मसमर्पण के बाद पुलिस उससे भी पूछताछ कर रही है। जरीफनगर पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह स्पष्ट होगी। रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्ट – संतुलित पाठक (बदायूं)

यह भी पढ़ें: ठूठीबारी में व्यापार मंडल का बड़ा फैसला, अजय जायसवाल अध्यक्ष तो आदित्य पटवा बने महामंत्री

Related Articles

Back to top button