18 साल का युवक भी पकड़ ले इतनी नीचे लटक रही थी बिजली की केबल, फिर हुआ बड़ा हादसा

बदायूं के सैंडोली गांव में नीचे लटक रही LT केबल में फॉल्ट से करंट छत तक पहुंच गया। हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रूप से झुलस गया। ग्रामीणों ने कार्रवाई की मांग की।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: जिले की बिसौली तहसील के ग्राम सैंडोली में बिजली विभाग की लापरवाही का मामला सामने आया है। गांव में बिजली के खंभों से बेहद नीचे लटक रही LT केबल के चलते शनिवार रात हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि फॉल्ट के बाद करंट छत तक पहुंच गया, जिसकी चपेट में आने से एक व्यक्ति गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है।

खंभों से नीचे लटक रही थीं LT केबलें

ग्रामीणों के मुताबिक, गांव में कई जगह बिजली की LT केबल इतनी नीचे झूल रही हैं कि करीब 18-19 साल का युवा भी कूदकर उन्हें पकड़ सकता है। ग्रामीणों का आरोप है कि इस समस्या की जानकारी बिजली विभाग के स्थानीय लाइनमैन बृजेश, निवासी बग्रेन, को पहले भी दी गई थी। केबलों को कसने और ऊंचा करने की मांग के बावजूद समस्या दूर नहीं की गई।

फॉल्ट के बाद छत तक पहुंचा करंट

बताया गया कि शनिवार रात करीब 7:30 से 8 बजे के बीच गर्मी के कारण कई लोग घरों की छतों पर सो रहे थे। इसी दौरान लटकी हुई केबल में फॉल्ट होने से करंट छत तक पहुंच गया। छत पर लेटा एक व्यक्ति इसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

ग्रामीणों ने की तत्काल कार्रवाई की मांग

घटना के बाद ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के खिलाफ नाराजगी जताई। उनका कहना है कि अगर जल्द ही केबलों को सुरक्षित ऊंचाई पर नहीं किया गया तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी बदायूं और अधिशासी अभियंता, विद्युत वितरण खंड बिसौली से गांव की सभी लटकती केबलों को तत्काल ऊंचा और टाइट कराने की मांग की है। साथ ही जिम्मेदार कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग भी उठाई है।

रिपोर्ट- संतुलित पाठक (बदायूं)

यह भी पढ़ें: मोहिउद्दीनपुर में चला प्रशासन का बुलडोजर, सरकारी जमीन से हटाया गया अतिक्रमण

Related Articles

Back to top button