बांदा में 30 हजार बोतल कोडीन सिरप! डीसीएम के साथ स्कॉर्ट गाड़ी भी पकड़ी गई
बांदा में STF और पुलिस ने बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के पास 30 हजार बोतल कोडीन सिरप बरामद करने का दावा किया है। 60.45 लाख के माल के साथ चार आरोपी गिरफ्तार किए गए।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: बांदा में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ यूपी एसटीएफ ने बड़ी कार्रवाई का दावा किया है। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के पास तड़के हुई कार्रवाई में एक डीसीएम से कोडीन सिरप की बड़ी खेप बरामद की गई। पुलिस के मुताबिक, 250 पेटियों में करीब 30 हजार बोतल प्रतिबंधित कोडीन सिरप मिला है, जिसकी अनुमानित कीमत 60.45 लाख रुपये बताई गई है। डीसीएम के साथ चल रही स्कॉर्ट गाड़ी को भी कब्जे में लिया गया है।
एक्सप्रेसवे के पास घेराबंदी कर रोकी डीसीएम
पुलिस के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब छह बजे यूपी एसटीएफ और बिसंडा पुलिस की संयुक्त टीम ने अतर्रा-बिसंडा मार्ग पर बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के पास संदिग्ध डीसीएम को रोका। तलाशी के दौरान वाहन में 250 पेटियां मिलीं। पेटियां खोलने पर करीब 30 हजार बोतल कोडीन सिरप बरामद हुआ।
STF ने डीसीएम के पीछे निगरानी करते हुए चल रही एक चार पहिया स्कॉर्ट गाड़ी को भी कब्जे में लिया।
चार आरोपी गिरफ्तार, सामने आई पहचान
कार्रवाई के दौरान चार लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक आरोपियों की पहचान शेखर निवासी मैना, थाना बहादुरगढ़, हापुड़, धीरेन्द्र निवासी नहर पुरवा, थाना बिसंडा, प्रवीण उर्फ लकी निवासी लखन कॉलोनी, अतर्रा और रोहित निवासी रामलीला रोड, अतर्रा के रूप में हुई है।
बरामदगी और गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
कहां से आई खेप, किसे होनी थी सप्लाई?
करीब 60 लाख रुपये से ज्यादा कीमत की सिरप की इतनी बड़ी खेप मिलने के बाद जांच का दायरा बढ़ गया है। STF यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कोडीन सिरप कहां से लाया गया था और इसे कहां पहुंचाया जाना था। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर संभावित सप्लाई नेटवर्क और अन्य जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट – इक़बाल खान, बांदा
यह भी पढ़ें: बच्चे पहुंच गए स्कूल, लेकिन एक भी शिक्षक नहीं मिला; उन्नाव में BSA का बड़ा एक्शन



