बांदा DM के नाम से फर्जी Facebook ID, लोगों से मांग रहा था रुपये; आरोपी गिरफ्तार
बांदा डीएम अमित आसेरी के नाम से फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर रुपये मांगने के आरोप में राजस्थान निवासी मुस्ताक गिरफ्तार हुआ। पुलिस ने मोबाइल बरामद कर IT Act में केस दर्ज किया।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: बांदा में साइबर ठगी के एक मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ऐसे आरोपी को गिरफ्तार करने का दावा किया है, जो अधिकारियों के नाम से फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल बनाकर लोगों से रुपये मांगता था। पुलिस के अनुसार आरोपी ने हाल में जिलाधिकारी अमित आसेरी के नाम से फर्जी फेसबुक आईडी बनाई थी। डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर कोतवाली नगर पुलिस और सर्विलांस टीम ने उसे मबई बाईपास से पकड़ा।
डीएम के नाम से बनाई फर्जी फेसबुक आईडी
पुलिस के मुताबिक फर्जी फेसबुक प्रोफाइल के जरिए लोगों से रुपये मांगने की शिकायत सामने आई थी। मामले में जिला सूचना अधिकारी शारदा निषाद की तहरीर पर कोतवाली नगर में मुकदमा दर्ज किया गया।
इसके बाद कोतवाली नगर पुलिस, साइबर सेल, सर्विलांस सेल और तकनीकी टीम ने सोशल मीडिया गतिविधियों और डिजिटल साक्ष्यों की जांच शुरू की। जांच में मिले सुरागों के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची।
राजस्थान के अलवर का रहने वाला है आरोपी
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान राजस्थान के अलवर जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र के मानकी सादिकावास निवासी मुस्ताक पुत्र वसीर के रूप में हुई है। उसे बांदा के मबई बाईपास से गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।
पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपी ने अधिकारियों के नाम से फर्जी आईडी बनाकर रुपये मांगने की बात स्वीकार की। पुलिस के मुताबिक वह रुपये लेने के उद्देश्य से बांदा आया था।
IT Act समेत इन धाराओं में मुकदमा
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 319(2), 318(4) और आईटी एक्ट की धारा 66C व 66D के तहत मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी अधिकारी या प्रतिष्ठित व्यक्ति के नाम से सोशल मीडिया पर आने वाले संदेशों और पैसों की मांग पर बिना सत्यापन भरोसा न करें। संदिग्ध प्रोफाइल का स्क्रीनशॉट और URL सुरक्षित रखते हुए साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत की जा सकती है।
रिपोर्ट – इक़बाल खान, बांदा
यह भी पढ़ें: बदायूं में गंगा का कटान बढ़ा, गांवों में पहुंची चिंता; डीएम ने मौके पर लिया जायजा



