ड्यूटी के लिए निकले वनकर्मी की दर्दनाक मौत, पीछे से आए डंपर ने स्कूटी को मारी टक्कर

बांदा में ड्यूटी पर जा रहे 40 वर्षीय वनकर्मी शाहिद की मुंगुस गांव के पास डंपर की टक्कर से मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजकर डंपर कब्जे में लिया है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: सोमवार सुबह ड्यूटी के लिए घर से निकले वन विभाग के कर्मचारी शाहिद की सड़क हादसे में मौत हो गई। तिंदवारी के भगवती नगर निवासी 40 वर्षीय शाहिद स्कूटी से बांदा ड्यूटी जा रहे थे। मुंगुस गांव के पास पीछे से आए डंपर ने उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी। हादसे में उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की खबर घर पहुंचते ही परिवार में मातम छा गया।

पीछे से आए डंपर ने मारी टक्कर

शाहिद सेवानिवृत्त वनकर्मी अब्दुल वारिस के बेटे थे और वन विभाग बांदा में तैनात थे। सोमवार सुबह वह रोज की तरह स्कूटी से ड्यूटी के लिए निकले थे। बताया जा रहा है कि बांदा-फतेहपुर राजमार्ग पर मुंगुस गांव के पास कूड़ा निस्तारण केंद्र के नजदीक पीछे से आए डंपर ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर के बाद शाहिद सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई।

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों के मुताबिक, हादसे के बाद मौके से भाग रहे डंपर का पीछा कर उसे पकड़ लिया गया और पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पत्नी और मां का रो-रोकर बुरा हाल

शाहिद दो भाइयों में सबसे बड़े थे। उनकी शादी 6 नवंबर 2008 को फरजाना से हुई थी। परिजनों के मुताबिक, उनकी कोई संतान नहीं थी। पति की मौत की खबर सुनकर पत्नी फरजाना और मां पतिया का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के मुताबिक जिस शाहिद के घर लौटने का इंतजार था, वह अब कभी वापस नहीं आएंगे।

रिपोर्ट – इक़बाल खान, बांदा

यह भी पढ़ें: 24 साल बाद शिक्षक की नौकरी पर सवाल, पिता के जमीन बैनामे से सामने आया नया विवाद

Related Articles

Back to top button