बांदा में मकान पर ताला लगाने को लेकर बवाल, माता-पिता समेत 3 घायल; फरसा-लाठी से हमले का आरोप

बांदा के बबेरू क्षेत्र के माचा मझिवां गांव में मकान पर ताला लगाने को लेकर विवाद हो गया। मारपीट में माता-पिता समेत तीन लोग घायल हुए, जिनका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क: बांदा में नए मकान पर ताला लगाने को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट तक पहुंच गया। बबेरू थाना क्षेत्र के माचा मझिवां गांव में बुधवार दोपहर हुई घटना में एक परिवार के तीन लोग घायल हो गए। घायलों में शिकायतकर्ता अजय कुमार के माता-पिता भी शामिल हैं।

मकान पर ताला लगाने पहुंचे थे अजय कुमार

जानकारी के मुताबिक, अजय कुमार ने एक मकान का बैनामा कराया था। बुधवार दोपहर करीब दो बजे वह मकान पर ताला लगाने पहुंचे। इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोगों से कहासुनी हो गई। अजय का आरोप है कि विवाद बढ़ने पर उनके परिवार के लोगों के साथ मारपीट की गई, जिसमें तीन लोग घायल हो गए।

फरसा और लाठी-डंडों से हमले का आरोप

अजय कुमार ने आरोप लगाया कि विवाद के दौरान मुन्ना और हरिचंद बंदूक लेकर पहुंचे थे, जबकि कमलेश के पास फरसा था। उनके साथ अन्य लोग भी लाठी-डंडे लेकर आए थे। अजय के मुताबिक, पांच से छह लोगों ने मिलकर परिवार पर हमला किया। उन्होंने बंदूक लाने का भी आरोप लगाया, हालांकि गोली चलने की बात नहीं कही।

जिला अस्पताल में घायलों का इलाज

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा। वहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका उपचार किया जा रहा है। विवाद की वजह मकान के बैनामे और उस पर ताला लगाने को बताया गया है। फिलहाल दूसरे पक्ष का बयान सामने नहीं आया है। मामले में पुलिस की कार्रवाई और विवाद की पूरी स्थिति को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।

रिपोर्ट – इक़बाल खान, बांदा

यह भी पढ़ें: खाद नहीं मिली तो होगा धरना-प्रदर्शन! पैलानी में सपा ने उठाई किसानों की आवाज

Related Articles

Back to top button