खाद नहीं मिली तो होगा धरना-प्रदर्शन! पैलानी में सपा ने उठाई किसानों की आवाज

Banda News: पैलानी में डीएपी समेत खाद की कमी से किसान परेशान हैं। सपा नेता विशंभर प्रसाद निषाद ने ज्ञापन सौंपकर खाद उपलब्ध कराने की मांग की और आंदोलन की चेतावनी दी।

बांदा के पैलानी तहसील क्षेत्र में खाद की कमी ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। सहकारी समितियों में डीएपी और दूसरी खाद उपलब्ध नहीं होने से रबी की फसलों की बुआई प्रभावित होने की आशंका है। किसानों की परेशानी को लेकर अब समाजवादी पार्टी ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पार्टी ने जल्द खाद उपलब्ध कराने की मांग करते हुए आंदोलन की चेतावनी दी है।

पैलानी में खाद संकट, महंगे दाम पर खरीदने को मजबूर किसान

पैलानी तहसील क्षेत्र के किसानों को सहकारी समितियों से खाद नहीं मिल पाने की शिकायत है। किसानों का कहना है कि डीएपी समेत जरूरी खाद की उपलब्धता नहीं होने से उन्हें निजी दुकानों का रुख करना पड़ रहा है। वहां महंगे दाम पर खाद खरीदने से खेती की लागत बढ़ रही है। समय पर खाद नहीं मिली तो रबी की फसलों की बुआई में देरी की चिंता भी बढ़ सकती है।

विशंभर प्रसाद निषाद ने तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन

किसानों की समस्या को लेकर सपा के राष्ट्रीय महासचिव और पूर्व कैबिनेट मंत्री विशंभर प्रसाद निषाद ने एसडीएम पैलानी को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा। ज्ञापन में जसपुरा ब्लॉक की चंदवारा, रामपुर, बड़ागांव, जसपुरा और सिंघन कला समेत संबंधित सहकारी समितियों में जल्द खाद उपलब्ध कराने की मांग की गई है।

इस दौरान पुष्पेंद्र सिंह चुनाले, भरतपाल, आशीष निषाद, अमित निषाद एडवोकेट, कुलदीप खेंगर, गयाप्रसाद निषाद और पंकज यादव समेत कई सपा नेता और किसान मौजूद रहे।

मांग पूरी नहीं हुई तो धरना-प्रदर्शन की चेतावनी

समाजवादी पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि सहकारी समितियों में खाद की उपलब्धता सुनिश्चित नहीं की गई, तो किसानों के समर्थन में आंदोलन और धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। पार्टी ने प्रशासन से जल्द समाधान निकालने की मांग की है।

अब किसानों की नजर प्रशासन के अगले कदम पर है। खाद की उपलब्धता समय पर सुनिश्चित होती है या नहीं, इसका असर आगामी बुआई की तैयारियों पर पड़ सकता है।

रिपोर्ट – इक़बाल खान, बांदा

यह भी पढ़ें: सीतापुर के 8 स्कूलों में BSA का छापा, गंदगी और गैरहाजिरी पर कार्रवाई

Related Articles

Back to top button