बांदा में अंतिम विदाई भी बनी मजबूरी! टेंट और टीन के नीचे हुआ अंतिम संस्कार

बांदा के पडोहरा गांव में जर्जर श्मशान घाट के कारण बारिश के बीच ग्रामीणों को टेंट और टीन की चादरों के नीचे अंतिम संस्कार करना पड़ा। ग्रामीणों ने पक्के मुक्तिधाम की मांग की है।

बांदा। किसी अपने को अंतिम विदाई देना पहले ही परिवार के लिए बेहद भावुक पल होता है, लेकिन बांदा के पडोहरा गांव में बारिश के बीच यह विदाई एक मुश्किल परीक्षा बन गई। पैलानी तहसील क्षेत्र के गांव में श्मशान घाट की जर्जर हालत के चलते ग्रामीणों को टेंट और बिखरी टीन की चादरों के सहारे अंतिम संस्कार करना पड़ा। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायत के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं कराया गया।

तूफान में क्षतिग्रस्त हुआ श्मशान, अब तक नहीं हुई मरम्मत

ग्रामीणों के मुताबिक कुछ दिन पहले आए तेज तूफान में श्मशान स्थल की व्यवस्था बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। इसके बाद से इसे दुरुस्त नहीं कराया गया। लगातार बारिश ने परेशानी और बढ़ा दी है। ऐसे में अंतिम संस्कार के लिए आने वाले लोगों को खुले आसमान और बारिश के बीच व्यवस्था करनी पड़ रही है।

हाल ही में गांव के 22 वर्षीय सुनील पुत्र लोटन वर्मा की गंभीर बीमारी के चलते मौत हो गई। अंतिम संस्कार के दौरान बारिश होने पर ग्रामीणों को टेंट और क्षतिग्रस्त टीन की चादरों का सहारा लेना पड़ा।

चंद्रावल का बाढ़ का पानी, क्षतिग्रस्त रपटा भी बनी चुनौती

ग्रामीणों का कहना है कि एक ओर चंद्रावल नदी का बाढ़ का पानी और दूसरी तरफ लगातार बारिश ने हालात कठिन कर दिए हैं। नांदादेव-पडोहरा रपटा क्षतिग्रस्त होने के दौरान मौके पर पहुंचे जिलाधिकारी अमित आसेरी को भी ग्रामीणों ने श्मशान घाट की समस्या से अवगत कराने की बात कही है।

ग्रामीण बोले- कई बार शिकायत, फिर भी नहीं बनी स्थायी व्यवस्था

ग्रामीणों के अनुसार ग्राम प्रधान, सचिव और खंड विकास अधिकारी जसपुरा से श्मशान घाट की स्थिति को लेकर कई बार शिकायत की गई, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हुआ है।

ग्रामीण अब प्रशासन से पक्के मुक्तिधाम और सुरक्षित श्मशान स्थल के निर्माण की मांग कर रहे हैं। उनका सवाल है कि आखिर कब तक बारिश के मौसम में लोगों को अपने परिजनों की अंतिम विदाई टेंट और टीन की चादरों के सहारे करनी पड़ेगी।

रिपोर्ट – इक़बाल खान, बांदा

यह भी पढ़ें: मिर्जापुर में बारिश बनी काल! कच्चे मकान की दीवार गिरी, 80 साल की महिला की मौत

Related Articles

Back to top button