बांदा: बूंद-बूंद पानी को तरसे लोग, गुस्साए मोहल्लेवासियों ने सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ खोला मोर्चा
बांदा में भीषण गर्मी के बीच पानी संकट ने लोगों का गुस्सा भड़का दिया। देवनगर पाल मोहल्ला झीलकापुरवा के सैकड़ों लोगों ने महाराणा प्रताप चौक पर जाम लगाकर प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया और जल्द पानी आपूर्ति बहाल करने की मांग उठाई।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: बुंदेलखंड का बांदा इस समय भीषण गर्मी की मार झेल रहा है। तापमान 45 डिग्री के पार पहुंच चुका है और तपती धूप ने लोगों का घर से निकलना मुश्किल कर दिया है। लेकिन इस झुलसाती गर्मी के बीच शहर के देवनगर पाल मोहल्ला झीलकापुरवा के लोगों की मुश्किल सिर्फ गर्मी तक सीमित नहीं है। यहां पानी का संकट अब लोगों के सब्र का बांध तोड़ चुका है।
कई दिनों से नलों में पानी न आने से परेशान महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग शुक्रवार को सड़कों पर उतर आए। गुस्साए लोगों ने महाराणा प्रताप चौक पर जाम लगाकर प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। सड़क पर बैठे लोगों ने नारेबाजी करते हुए जल्द पानी आपूर्ति बहाल करने की मांग उठाई।
एक सरकारी नल के भरोसे 300 लोग
स्थानीय लोगों के मुताबिक पूरे मोहल्ले के करीब 300 लोग केवल एक सरकारी नल पर निर्भर हैं। हालात यह हैं कि वह नल भी पिछले कई दिनों से सूखा पड़ा है। पीने के पानी के लिए सुबह से लंबी कतारें लग रही हैं, लेकिन लोगों को खाली बर्तन लेकर लौटना पड़ रहा है। महिलाओं का कहना है कि घरों में खाना बनाना तक मुश्किल हो गया है। छोटे बच्चों और बुजुर्गों की हालत सबसे ज्यादा खराब है। भीषण गर्मी में पानी की कमी ने लोगों की दिनचर्या पूरी तरह बिगाड़ दी है।
कई शिकायतों के बाद भी नहीं हुई सुनवाई
स्थानीय निवासी दिनेश गिरि उर्फ नागा बाबा ने आरोप लगाया कि पानी संकट को लेकर कई बार प्रशासन और संबंधित विभाग को लिखित शिकायत दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि जब तक नियमित पानी आपूर्ति शुरू नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो विरोध प्रदर्शन और बड़ा रूप ले सकता है।
जाम से थमा यातायात, मौके पर पहुंचा प्रशासन
महाराणा प्रताप चौक पर जाम लगने से कुछ समय के लिए यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे लोगों से बातचीत की और जल्द पानी की आपूर्ति बहाल कराने का आश्वासन दिया। काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद लोगों ने जाम समाप्त किया।
गर्मी में गहराता जल संकट बना बड़ी चुनौती
बांदा समेत पूरे बुंदेलखंड क्षेत्र में इस समय भीषण गर्मी और जल संकट बड़ी समस्या बनता जा रहा है। तापमान बढ़ने के साथ पानी की मांग भी तेजी से बढ़ रही है, लेकिन कई इलाकों में पेयजल व्यवस्था चरमरा चुकी है। विशेषज्ञों का मानना है कि लगातार गिरते भूजल स्तर और कमजोर जल आपूर्ति व्यवस्था के कारण ऐसे हालात पैदा हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते स्थायी समाधान नहीं निकाला गया तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है। भीषण गर्मी में पानी के लिए सड़क पर उतरने को मजबूर लोगों की तस्वीरें अब प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर बड़े सवाल खड़े कर रही हैं।
रिपोर्ट -इक़बाल खान
यह भी पढ़ें: आखिर कौन हैं तिरुवनचूर राधाकृष्णन? जानिए नए केरल विधानसभा अध्यक्ष का राजनीतिक सफर



