बदायूं: डीजे पर नाच रहे थे बाराती, अचानक फैला करंट और मच गई चीख-पुकार

बदायूं के सहसवान में बारात के दौरान डीजे ट्रॉली हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: बदायूं जिले के सहसवान कोतवाली क्षेत्र में एक शादी समारोह उस समय मातम में बदल गया, जब बारात के दौरान डीजे की रंगशाला ट्रॉली हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गई। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई और पूरे गांव में शोक का माहौल छा गया।

बारात की खुशियां पलभर में मातम में बदलीं

जानकारी के अनुसार, सादपुर गांव में बारात चढ़त के दौरान डीजे की धुन पर बाराती नाच रहे थे। इसी दौरान सड़क के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन का संपर्क डीजे ट्रॉली से हो गया। संपर्क होते ही ट्रॉली में करंट फैल गया, जिससे आसपास मौजूद लोग इसकी चपेट में आ गए।

एक की मौत, चार का अस्पताल में इलाज जारी

हादसे में एक युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची। बिजली आपूर्ति बंद कराई गई और सभी घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

जांच में जुटी पुलिस और संबंधित विभाग

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे की वजह डीजे ट्रॉली का झूलती हुई हाईटेंशन लाइन से संपर्क होना माना जा रहा है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी। पुलिस और संबंधित विभाग पूरे मामले की जांच कर रहे हैं।

रिपोर्टर – संतुलित पाठक

यह भी पढ़ें: लखीमपुर खीरी: भीषण गर्मी में स्कूल में बेहोश हुई छात्रा, बदले समय पर उठे बड़े सवाल

Related Articles

Back to top button