बरेली में पुलिस चौकियों का रिपोर्ट कार्ड जारी, 427 अंक वाले अफसर नंबर-1; 10 को चेतावनी
बरेली में एसएसपी अनुराग आर्य ने अगस्त के पुलिस चौकी मूल्यांकन का रिपोर्ट कार्ड जारी किया। 10 प्रभारियों को इनाम और 10 को चेतावनी मिली। जोगीनवादा चौकी रही अव्वल।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: बरेली में पुलिस चौकियों के कामकाज का अगस्त महीने का रिपोर्ट कार्ड सामने आया है। एसएसपी अनुराग आर्य ने मासिक मूल्यांकन के आधार पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले 10 चौकी प्रभारियों को प्रशस्ति पत्र और नकद पुरस्कार दिया, जबकि सबसे कम अंक पाने वाले 10 प्रभारियों को चेतावनी जारी की है। जोगीनवादा चौकी प्रभारी कुशल पाल सिंह 427 अंक के साथ जिले में पहले स्थान पर रहे।
427 अंक के साथ जोगीनवादा चौकी अव्वल
मासिक मूल्यांकन में अपराध नियंत्रण, जनशिकायतों के निस्तारण, लंबित विवेचनाओं और निरोधात्मक कार्रवाई समेत कई बिंदुओं को आधार बनाया गया। जोगीनवादा के प्रभारी कुशल पाल सिंह को पहला स्थान मिलने पर पांच हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया। सैटेलाइट चौकी के मयंक भारद्वाज 304 अंक के साथ दूसरे और जगतपुर चौकी के मुनेन्द्र कुमार 301 अंक के साथ तीसरे स्थान पर रहे। दोनों को 4,500-4,500 रुपये मिले।
टॉप-10 में बारादरी की छह चौकियां
टॉप-10 में बारादरी थाने की छह चौकियों के प्रभारी शामिल रहे। काकरटोला के जावेद अख्तर पांचवें, मॉडल टाउन के सौरभ डेढ़ा सातवें और रोहिलखंड के नितिन राणा दसवें स्थान पर रहे। वहीं फतेहगंज पश्चिमी, किला, सुभाषनगर और बिथरी चैनपुर की चौकियों के प्रभारी भी सूची में शामिल रहे। पुरस्कार की राशि प्रदर्शन के अनुसार 500 से 2,500 रुपये तक रही।
कमजोर प्रदर्शन पर 10 प्रभारियों को चेतावनी
सबसे कम अंक पाने वाले 10 चौकी प्रभारियों को चेतावनी देकर कामकाज में सुधार के निर्देश दिए गए हैं। इनमें नवाबगंज, आंवला, सुभाषनगर, भुता, इज्जतनगर, प्रेमनगर और कोतवाली क्षेत्र की चौकियां शामिल हैं। एसएसपी ने कहा कि अगले मूल्यांकन में इन चौकियों के प्रदर्शन पर विशेष नजर रखी जाएगी। पुरस्कार व्यवस्था का उद्देश्य बेहतर पुलिसिंग को प्रोत्साहित करना और कमजोर प्रदर्शन में सुधार लाना है।
रिपोर्ट – सुनील सक्सेना, बरेली
यह भी पढ़ें: गोरखपुर के इस केंद्रीय विद्यालय में हिंदी को लेकर हुआ बड़ा निरीक्षण, पत्रिका ‘अभिव्यक्ति’ भी लॉन्च



