UP में नंबर-1 बनी बरेली पुलिस! IG​​RS रैंकिंग में बदायूं भी अव्वल, 64 थानों का जलवा

बरेली पुलिस परिक्षेत्र ने अक्टूबर 2026 की आईजीआरएस रैंकिंग में यूपी में पहला स्थान हासिल किया। बदायूं भी अव्वल रहा, जबकि चार जिलों के 64 थानों ने शीर्ष रैंकिंग पाई।

4पीएम न्यूज नेटवर्कः  जनशिकायतों के निस्तारण में बरेली पुलिस परिक्षेत्र ने प्रदेशभर में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। अक्टूबर 2026 की आईजीआरएस (जनसुनवाई समाधान प्रणाली) रैंकिंग में बरेली परिक्षेत्र ने उत्तर प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। खास बात यह है कि बदायूं जिला भी प्रदेश में अव्वल रहा है। इसके अलावा बरेली, बदायूं, पीलीभीत और शाहजहांपुर के कुल 64 थानों ने संयुक्त रूप से शीर्ष रैंकिंग हासिल कर पुलिस महकमे का मान बढ़ाया है।

डीआईजी अजय कुमार साहनी के निर्देशन में मिली सफलता

पुलिस उपमहानिरीक्षक अजय कुमार साहनी के निर्देशन में जनशिकायतों की लगातार समीक्षा और निगरानी की जा रही थी। शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण करने के साथ उनकी गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान दिया गया। इसी का नतीजा रहा कि अक्टूबर की रैंकिंग में बरेली परिक्षेत्र ने प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया।

बरेली के 25 समेत चार जिलों के 64 थाने अव्वल

इस उपलब्धि में बरेली जिले के 25 थानों ने बेहतर प्रदर्शन किया। वहीं बदायूं के 15, पीलीभीत के 12 और शाहजहांपुर के 12 थाने भी शीर्ष रैंकिंग में शामिल रहे। इस तरह चारों जिलों के कुल 64 थानों ने प्रदेश में संयुक्त रूप से पहला स्थान हासिल किया। बदायूं जिले का अलग से प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल करना भी इस उपलब्धि को खास बनाता है।

तीन पुलिसकर्मियों को मिलेगा नकद पुरस्कार

इस सफलता में योगदान देने वाले परिक्षेत्र कार्यालय के आईजीआरएस कर्मियों को डीआईजी सम्मानित करेंगे। उपनिरीक्षक शालू, कंप्यूटर ऑपरेटर अमरेंद्र कुमार और आरक्षी सलिल सक्सेना को नकद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा।

वहीं, डीआईजी ने स्पष्ट किया है कि जिन जिलों और थानों का प्रदर्शन संतोषजनक नहीं रहा, उनके कामकाज की समीक्षा कर सुधारात्मक कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों को शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता बनाए रखने के निर्देश दिए जाएंगे।

रिपोर्ट – सुनील सक्सेना, बरेली

यह भी पढ़ें: आदिवासी न्याय यात्रा का भावुक समापन, चैतर वसावा के समर्थन में अंबाजी में प्रार्थना  

Related Articles

Back to top button