रपटा पुल पार करते समय अनियंत्रित हुई बाइक, अरिल नदी में बहे तीन लोग

बरेली के दारूआपुर में रपटा पुल पार करते समय बाइक अनियंत्रित होकर अरिल नदी में गिर गई। बाइक सवार तीन लोग तेज बहाव में बह गए। पुलिस और गोताखोरों ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: आंवला तहसील क्षेत्र में सोमवार रात एक हादसे ने इलाके में सनसनी फैला दी। दारूआपुर गांव के पास अरिल नदी के रपटा पुल को पार करते समय तीन लोगों से सवार बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई। बाइक समेत तीनों नदी में जा गिरे। नदी का बहाव तेज होने के कारण तीनों पानी के साथ बह गए। देर रात तक उनका कोई सुराग नहीं मिल सका।

बाइक का संतुलन बिगड़ा और नदी में गिरे

बताया गया कि तीनों लोग बाइक से बरेली की ओर से आ रहे थे। दारूआपुर के पास अरिल नदी पर बने रपटा पुल को पार करते समय अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ गया। सवार संभल पाते, इससे पहले ही बाइक समेत तीनों नदी में गिर गए।

ग्रामीणों के अनुसार, एक बाइक पर तीन लोगों को पुल पार करते देखकर कुछ लोगों ने उन्हें सावधान भी किया था। इसके बावजूद वे आगे बढ़े और इसी दौरान बाइक अनियंत्रित होकर नदी में गिर गई। तेज बहाव के चलते तीनों देखते ही देखते पानी में बह गए।

गोताखोरों ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन

हादसे की सूचना मिलते ही आंवला और बिशारतगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। गोताखोरों और बचाव दल की मदद से नदी में तलाश शुरू कराई गई। पुलिस और राहत टीमों ने देर रात तक आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन तीनों का पता नहीं चल सका।

घटना की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी अविनाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लेकर बचाव अभियान की जानकारी ली और सर्च ऑपरेशन लगातार जारी रखने के निर्देश दिए।

जलस्तर पर नजर, संवेदनशील क्षेत्रों में अलर्ट

डीएम ने अधिकारियों को अरिल नदी के जलस्तर पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए हैं। संभावित बाढ़ प्रभावित और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के साथ आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने के लिए टीमों को तैयार रखने को कहा गया है।

रिपोर्ट – सुनील सक्सेना, बरेली

यह भी पढ़ें: बदायूं में भीषण सड़क हादसा, रोडवेज बस और बाइक की टक्कर में तीन युवकों की मौत

Related Articles

Back to top button