बरेली में SSP अनुराग आर्य का बड़ा एक्शन! 12 थानों के 21 अपराधियों की खुली हिस्ट्रीशीट

बरेली में SSP अनुराग आर्य के निर्देश पर 12 थानों के 21 अपराधियों की क्लास-बी हिस्ट्रीशीट खोली गई। इनमें स्मैक तस्करी, हत्या, लूट और गोकशी के आरोपी शामिल हैं।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: बरेली में अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है। एसएसपी अनुराग आर्य के निर्देशन में जिले के 12 थानों में सक्रिय 21 अपराधियों की क्लास-बी हिस्ट्रीशीट खोली गई है। पुलिस के मुताबिक, इस कार्रवाई का मकसद चिह्नित अपराधियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखना और उनके खिलाफ आगे की कार्रवाई को प्रभावी बनाना है।

स्मैक तस्करी से जुड़े 6 आरोपी

पुलिस की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, हिस्ट्रीशीट खोले गए 21 अपराधियों में सबसे ज्यादा छह आरोपी एनडीपीएस यानी मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े हैं। इसके अलावा गोकशी और लूट से जुड़े तीन, पशु क्रूरता व तस्करी से जुड़े तीन तथा हत्या और लूट से संबंधित तीन अपराधी सूची में शामिल हैं।

हत्या के प्रयास से लेकर वाहन चोरी तक के आरोपी

पुलिस रिकॉर्ड के आधार पर सूची में हत्या के प्रयास के दो आरोपी भी शामिल हैं। वहीं चोरी और वाहन चोरी के एक-एक आरोपी की हिस्ट्रीशीट खोली गई है। लूट और मारपीट से जुड़े एक आरोपी के साथ बलवा और गोकशी से संबंधित एक आरोपी को भी पुलिस की निगरानी सूची में शामिल किया गया है।

अब अपराधियों की गतिविधियों पर रहेगी नजर

पुलिस का कहना है कि हिस्ट्रीशीट खोले जाने के बाद चिह्नित अपराधियों की गतिविधियों पर निगरानी रखने में मदद मिलेगी। साथ ही उनके आपराधिक रिकॉर्ड के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा सकेगी। 12 थानों में की गई यह कार्रवाई बरेली पुलिस की अपराध नियंत्रण रणनीति का हिस्सा है।

रिपोर्ट- सुनील सक्सेना, बरेली

यह भी पढ़ें: उन्नाव में NBW वारंटियों पर मेहरबानी? पुलिस की मौजूदगी में घूम रहे आरोपी, पीड़ित ने लगाई गुहार

Related Articles

Back to top button