दिल्ली के द्वारका में बड़ा हादसा, गोल्फ कोर्स के तालाब में डूबने से 3 बच्चों की मौत

नई दिल्ली। दिल्ली के द्वारका गोल्फ कोर्स में तीन बच्चों के शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस की शुरुआती जांच में चारदीवारी कूदकर प्रवेश करने व डूबकर मरने की बात सामने आई है।
डीसीपी द्वारका के अनुसार, आज सुबह करीब 7:07 बजे पीएस सेक्टर-23 द्वारका को सेक्टर 24 गोल्फ कोर्स के एक तालाब में तीन बच्चों के डूबने की सूचना एक पीसीआर से मिली। सूचना मिलते ही एसएचओ अपने स्टाफ के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गए। इसके अलावा सभी एजेंसियों को भी तुरंत सूचित किया गया।
वहीं, घटनास्थल पर पहुंचने पर पता चला कि लगभग 8 से 10 साल के तीन बच्चे तालाब में डूबे हुए थे। फायर ब्रिगेड की मदद से तीनों बच्चों को पानी से निकाला गया। उनके कपड़े तालाब के बाहर मिले।
शक है कि बच्चे वहां नहाने गए थे और गलती से डूब गए। बच्चों की पहचान की जा रही है। अभी तक कोई गुमशुदा जानकारी नहीं मिली है।
जांच कर रही पुलिस ने बताया कि वे बच्चों की पहचान करने और उनके परिवारों का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं। अधिकारियों ने कहा कि अभी तक इलाके में मरने वालों के हुलिए से मिलती-जुलती कोई गुमशुदगी की शिकायत नहीं मिली है।
उन्होंने कहा कि शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। मौके से सबूत इकट्ठा करने के लिए फोरेंसिक टीमों को भी बुलाया गया है। पुलिस ने कहा कि डूबने के कारणों का पता लगाने के लिए आगे की जांच चल रही है।

Related Articles

Back to top button