खजनी लिंक एक्सप्रेस-वे पर बड़ा हादसा, डीसीएम के उड़ गए परखच्चे, दो की मौत
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में रविवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में रविवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं।
खजनी तहसील क्षेत्र स्थित खजनी लिंक एक्सप्रेस-वे पर तेज रफ्तार डीसीएम अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद हरनहीं अंडरपास के नीचे जा गिरी। हादसा इतना भयावह था कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार चालक तथा खलासी की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे की आवाज काफी दूर तक सुनाई दी। तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके की ओर दौड़े। सूचना मिलने के बाद पुलिस भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।
सुबह करीब 4:30 बजे हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, डीसीएम (पंजीकरण संख्या यूपी-78 जेएन 4790) कानपुर के फतेहपुर से माल लेकर गोरखपुर की ओर आ रही थी। रविवार सुबह लगभग 4:30 बजे जब वाहन हरनहीं अंडरपास के पास पहुंचा, तभी अचानक चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। तेज रफ्तार डीसीएम पहले सड़क के बीच बने डिवाइडर से टकराई, फिर उसे तोड़ते हुए सीधे अंडरपास के नीचे जा गिरी।
हादसे का प्रभाव इतना जबरदस्त था कि डीसीएम के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और उसमें बैठे चालक व खलासी बुरी तरह फंस गए।
स्थानीय लोगों ने दिखाई तत्परता
हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी और स्वयं भी बचाव कार्य में जुट गए। कुछ लोगों ने वाहन के अंदर फंसे दोनों व्यक्तियों को बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन डीसीएम बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण यह आसान नहीं था।
सूचना मिलते ही हरनहीं चौकी प्रभारी एसआई राजेन्द्र कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद चालक और खलासी को वाहन से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी।
चालक और खलासी की नहीं हो सकी पहचान
पुलिस के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले चालक और खलासी की उम्र लगभग 45 से 46 वर्ष के बीच बताई जा रही है। समाचार लिखे जाने तक दोनों की शिनाख्त नहीं हो सकी थी।
डीसीएम पर कानपुर जिले का पंजीकरण नंबर अंकित मिला है तथा उसमें फार्च्यून कंपनी का माल लदा हुआ था। पुलिस वाहन से मिले दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मृतकों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
प्रारंभिक जांच में सामने आई यह आशंका
पुलिस की शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि तड़के सुबह लंबी दूरी तय करने के दौरान चालक को नींद की झपकी आ गई होगी। इसी कारण वाहन अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराया और अंडरपास में जा गिरा।
हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। तकनीकी जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही संबंधित थाने और परिवहन विभाग को भी घटना की सूचना दे दी गई है।
रिपोर्ट- अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर



