मिर्जापुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: इतने लाख का गांजा जब्त, 5 तस्कर गिरफ्तार
मिर्जापुर में उड़ीसा से गांजा तस्करी का बड़ा नेटवर्क सक्रिय होने का मामला सामने आया है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: मिर्जापुर में उड़ीसा से गांजा तस्करी का बड़ा नेटवर्क सक्रिय होने का मामला सामने आया है। तस्कर संगठित तरीके से एक जिले से दूसरे जिले तक अपनी मजबूत पकड़ बनाए हुए हैं।
इसी कड़ी में रविवार को मीरजापुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी। पुलिस की एसओजी (स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप) और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में लगभग ₹50 लाख मूल्य का अवैध गांजा बरामद किया गया। इस दौरान तस्करी में प्रयुक्त एक चार पहिया वाहन भी जब्त किया गया।
पुलिस ने मौके से पांच शातिर अंतर्जनपदीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक पूछताछ में तस्करों के एक बड़े नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है.पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की गहन जांच जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।
मिर्जापुर पुलिस ने अवैध गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच शातिर तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है। इस पूरे मामले का खुलासा रविवार दोपहर बाद पुलिस लाइन स्थित सभागार में मीडिया के समक्ष किया गया।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने बताया कि जनपद में शांति एवं कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए अपराधियों की धरपकड़ तथा अवैध शराब और मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में थाना पड़री, एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में यह सफलता मिली।
पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर थाना पड़री पुलिस द्वारा सघन वाहन चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध चार पहिया वाहन (UP 32 FV 0200, होंडा सिटी) को रोका गया। वाहन में सवार पांच व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सत्यम सिंह उर्फ राहुल सिंह, सौरभ मिश्रा उर्फ पुष्कर मिश्रा, विकास तिवारी उर्फ विक्कू, राजन तिवारी उर्फ विश्वजीत तिवारी (जनपद प्रयागराज) तथा पवन पाण्डेय के रूप में हुई है। ये सभी मीरजापुर और आसपास के क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं।
वाहन की तलाशी लेने पर उसमें छिपाकर रखा गया कुल 100.60 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजा को जब्त कर वाहन को सीज कर दिया है। सभी आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।
उड़ीसा से यूपी में होती है सप्लाई
भारी मात्रा में गांजा के साथ पकड़े गये गांजा तस्करों ने पूछताछ में बताया कि वे सम्भलपुर, उड़ीसा से होन्डा सिटी कार में छिपाकर गांजा लादकर मीरजापुर, प्रयागराज व आसपास के जनपदों में सप्लाई के लिये ले जा रहे थे, इसी दौरान पुलिस द्वारा उन्हें पकड़ लिया गया। बताया कि गांजा बेच कर प्राप्त पैसे को आपस में बांटकर सुख-सुविधाओं का लाभ लेते है। पुलिस के मुताबिक सत्यम पवन व विकास इत्यादि पर कई मुकदमे दर्ज हैं जो काफी शातिर किस्म के अपराधी हैं। पवन पड़री थाना का हिस्ट्रीसीटर बताया गया है।
रिपोर्ट – संतोष देव गिरि,मिर्जापुर



