सीतापुर में फर्जी प्रमाणपत्र पर बड़ा एक्शन! 7 शिक्षकों की नौकरी गई, FIR के आदेश

सीतापुर में फर्जी TET और D.El.Ed प्रमाणपत्रों के आरोप में 7 शिक्षकों की सेवाएं समाप्त कर दी गईं। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सभी आरोपित शिक्षकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: सरकारी नौकरियों में फर्जी शैक्षिक प्रमाणपत्रों के इस्तेमाल के खिलाफ सीतापुर में शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) गोरखनाथ पटेल के आदेश पर सात शिक्षकों की सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं। विभागीय जांच में इन शिक्षकों के टीईटी (TET) और डीएलएड (D.El.Ed) के अंकपत्र कथित रूप से फर्जी पाए गए। साथ ही संबंधित अधिकारियों को आरोपित शिक्षकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।

किन शिक्षकों पर हुई कार्रवाई?

बीएसए कार्यालय के अनुसार, खैराबाद, लहरपुर, महोली और सकरन विकासखंड के सात शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। इनमें कुसुमलता, मनीष सिंह, भूपेंद्र कुमार, पूजा, विवेक कुमार, मुरारी लाल रावत और जय नारायण सिंह शामिल हैं। विभाग का कहना है कि जांच के दौरान इनके टीईटी और कुछ मामलों में डीएलएड के अंकपत्र संदिग्ध एवं फर्जी पाए गए।

एफआईआर दर्ज कराने के दिए गए निर्देश

शिक्षा विभाग ने संबंधित खंड शिक्षा अधिकारियों (BEO) को निर्देश दिया है कि सभी आरोपित शिक्षकों के खिलाफ संबंधित थानों में एफआईआर दर्ज कराई जाए। साथ ही एफआईआर की प्रति जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में भी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आगे की विभागीय और कानूनी कार्रवाई की जा सके।

पहले भी हो चुकी है बड़ी कार्रवाई

सीतापुर में फर्जी प्रमाणपत्रों के जरिए सरकारी नौकरी हासिल करने के मामलों पर कार्रवाई का सिलसिला पहले से जारी है। इससे पहले पूर्व बीएसए के कार्यकाल में 38 शिक्षकों की सेवाएं समाप्त की जा चुकी थीं। अब सात और शिक्षकों पर कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग में हलचल तेज हो गई है। अधिकारियों का कहना है कि यदि जांच में अन्य मामलों की पुष्टि होती है तो आगे भी नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

रिपोर्ट- वली चौधरी, सीतापुर

यह भी पढ़ें: 5 लाख लेकर ऑफिस में ताला डाल फरार हुआ मैनेजर, दवा कारोबारी महिला ने दर्ज कराया मुकदमा

Related Articles

Back to top button