डेंगू को लेकर गोरखपुर में बड़ा अलर्ट, जिला अस्पताल ने शुरू किया विशेष अभियान
गोरखपुर जिला अस्पताल में डेंगू मुक्ति अभियान के तहत एंटी लार्वा दवा का छिड़काव और सफाई अभियान चलाया गया। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से जलभराव रोकने और डेंगू से बचाव के उपाय अपनाने की अपील की।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: बारिश के मौसम के साथ डेंगू का खतरा भी तेजी से बढ़ने लगता है। इसी चुनौती से निपटने के लिए गोरखपुर जिला अस्पताल में गुरुवार को विशेष डेंगू मुक्ति अभियान चलाया गया। अभियान के तहत अस्पताल परिसर और आसपास के क्षेत्रों में जलभराव वाले स्थानों की सफाई कराई गई, संभावित मच्छर प्रजनन स्थलों पर एंटी लार्वल दवा का छिड़काव किया गया और कर्मचारियों को डेंगू से बचाव के प्रभावी उपाय बताए गए।
एंटी लार्वा छिड़काव के साथ सफाई अभियान पर जोर
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश झा और प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. ओपी सिंह के नेतृत्व में चले इस अभियान में अस्पताल परिसर को साफ-सुथरा रखने और जलभराव रोकने पर विशेष ध्यान दिया गया। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे अपने घरों और आसपास कहीं भी पानी जमा न होने दें, क्योंकि यही डेंगू फैलाने वाले मच्छरों के पनपने का सबसे बड़ा कारण बनता है।
सीएमओ ने बताए डेंगू से बचाव के आसान उपाय
सीएमओ डॉ. राजेश झा ने बताया कि बारिश के बाद साफ पानी में एडीज मच्छर तेजी से पनपता है। ऐसे में नियमित साफ-सफाई, जलभराव की रोकथाम और जनजागरूकता ही डेंगू नियंत्रण का सबसे प्रभावी तरीका है।
वहीं, जिला मलेरिया अधिकारी अंगद सिंह ने सलाह दी कि कूलर, गमले, पानी की टंकियों और अन्य बर्तनों में जमा पानी को सप्ताह में कम से कम एक बार खाली कर अच्छी तरह साफ करें, ताकि मच्छरों के प्रजनन को रोका जा सके।
जिले में लगातार चल रहे हैं मच्छर रोधी अभियान
अभियान में चिकित्सा अधीक्षक डॉ. बी.के. सुमन, वरिष्ठ परामर्शदाता डॉ. राजेश, क्वालिटी मैनेजर डॉ. मुकुल सहित नगर निगम, मलेरिया विभाग और फाइलेरिया विभाग की टीम मौजूद रही। अधिकारियों ने बताया कि जिले में “डेंगू मुक्त हॉस्टल अभियान” समेत अन्य सरकारी परिसरों में भी नियमित रूप से मच्छर रोधी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडे, गोरखपुर
यह भी पढ़ें: होटल के कमरे में महिला का शव मिलने से सनसनी, दो दिन तक बंद रहा कमरा; पुलिस हर एंगल से कर रही जांच



