गोरखपुर में स्वास्थ्य विभाग का बड़ा अभियान, अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में लगाए गए 12 हजार से अधिक पौधे
गोरखपुर में पर्यावरण संरक्षण और हरित वातावरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग ने जिले में व्यापक पौधारोपण अभियान चलाया।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: गोरखपुर में पर्यावरण संरक्षण और हरित वातावरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग ने जिले में व्यापक पौधारोपण अभियान चलाया।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर संचालित “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत रविवार को जिले के सभी सरकारी चिकित्सालयों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी), सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) और आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में बड़े पैमाने पर पौधे लगाए गए।
स्वास्थ्य विभाग के इस अभियान के तहत अब तक जिले में 12 हजार से अधिक पौधों का रोपण किया जा चुका है। अभियान में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, चिकित्सकों, स्वास्थ्य कर्मियों और स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसके साथ ही पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का संकल्प भी लिया गया।
सीएमओ ने कौड़ीराम में किया पौधारोपण
अभियान के क्रम में गोरखपुर के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. राजेश झा ने सोमवार को कौड़ीराम प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में पौधारोपण किया। इसके बाद उन्होंने ब्लॉक क्षेत्र के धस्का आयुष्मान आरोग्य मंदिर में भी पौधे लगाए और लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया।
इस दौरान सीएमओ ने कहा कि मानव स्वास्थ्य और पर्यावरण एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं। स्वच्छ और संतुलित पर्यावरण स्वस्थ जीवन के लिए बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे हमें शुद्ध हवा उपलब्ध कराने के साथ-साथ जलवायु संतुलन बनाए रखने में अहम भूमिका निभाते हैं। इसके अलावा बढ़ते प्रदूषण और कई प्रकार की बीमारियों की रोकथाम में भी पौधों का महत्वपूर्ण योगदान है।
डॉ. राजेश झा ने कहा कि केवल पौधे लगाना ही अभियान की सफलता नहीं है, बल्कि लगाए गए पौधों को जीवित रखना और उनकी नियमित देखभाल करना भी उतना ही जरूरी है। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों से अपील की कि वे अपने-अपने कार्यस्थलों पर लगाए गए पौधों की जिम्मेदारी लें और उन्हें सुरक्षित रखने के लिए निरंतर प्रयास करें।
स्वास्थ्य इकाइयों को दिए गए देखभाल के निर्देश
सीएमओ ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार स्वास्थ्य विभाग पौधारोपण अभियान को सफल बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। जिले की सभी स्वास्थ्य इकाइयों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने परिसर को हरा-भरा बनाने के लिए पौधारोपण करें और वर्षभर पौधों की देखरेख सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि पौधों की बेहतर देखभाल करने वाले स्वास्थ्य कर्मियों को प्रोत्साहित करने के लिए उन्हें पुरस्कृत भी किया जाएगा, ताकि पर्यावरण संरक्षण की भावना को और मजबूत किया जा सके।
स्वास्थ्य कर्मियों ने लिया पौधों के संरक्षण का संकल्प
कौड़ीराम प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष वर्मा ने बताया कि सीएमओ गोरखपुर के निर्देशन में ब्लॉक क्षेत्र की सभी स्वास्थ्य इकाइयों में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। स्वास्थ्य कर्मियों ने पूरे उत्साह के साथ अभियान में भाग लिया और लगाए गए पौधों के संरक्षण की जिम्मेदारी लेने का संकल्प लिया।
उन्होंने कहा कि पौधारोपण केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि पर्यावरण को सुरक्षित रखने की निरंतर प्रक्रिया है। आने वाली पीढ़ियों के बेहतर भविष्य के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाना और उनकी देखभाल करना सभी की जिम्मेदारी है।
एम्स और बीआरडी मेडिकल कॉलेज में भी हुआ पौधारोपण
स्वास्थ्य विभाग के अभियान के तहत एम्स गोरखपुर और बीआरडी मेडिकल कॉलेज में भी पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। यहां चिकित्सकों, कर्मचारियों और अधिकारियों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
स्वास्थ्य विभाग का यह अभियान जिले में हरित क्षेत्र बढ़ाने और लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
रिपोर्ट- अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर



