लखीमपुर में पारिवारिक कलह का खौफनाक अंजाम, पति-पत्नी विवाद के बाद दो पक्ष आमने-सामने
लखीमपुर खीरी में मायके जाने की बात को लेकर पति-पत्नी के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: लखीमपुर खीरी में मायके जाने की बात को लेकर पति-पत्नी के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि पत्नी के मायके जाने की जिद से नाराज पति ने धारदार हथियार से उसकी नाक काट दी।
घटना की जानकारी मिलने पर महिला की मां (आरोपी की सास) गुस्से में ससुराल पहुंच गई। वहां दोनों पक्षों के बीच फिर विवाद हुआ, जिसमें आरोप है कि सास ने भी आरोपी की बहन की नाक काट दी।
घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। दोनों घायल महिलाओं को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
यह मामला लखीमपुर खीरी के पढूआ थाना क्षेत्र के ढकेरवा गांव का बताया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा पूरे मामले की जांच की जा रही है।
रिपोर्ट- प्रभाकर श्रीवास्तव, लखीमपुर खीरी



