सिक्सलेन फ्लाईओवर से साइंस म्यूजियम तक, गोरखपुर को 995 करोड़ की बड़ी सौगात
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर में 995.29 करोड़ रुपये की 14 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। पहले सिक्सलेन फ्लाईओवर, साइंस म्यूजियम, महिला छात्रावास और अंडरपास जैसी योजनाओं को मिलेगी शुरुआत।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: गोरखपुर के विकास को नई गति देने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को 995.29 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। टीपीनगर-पैडलेगंज मार्ग पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री 813.52 करोड़ रुपये की चार परियोजनाओं का लोकार्पण और 181.77 करोड़ रुपये की 10 नई परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं का उद्देश्य शहर की यातायात व्यवस्था, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और शहरी बुनियादी ढांचे को मजबूत करना है।
पहले सिक्सलेन फ्लाईओवर से मिलेगी ट्रैफिक को राहत
कार्यक्रम की सबसे बड़ी उपलब्धि गोरखपुर के पहले 2.6 किलोमीटर लंबे सिक्सलेन फ्लाईओवर का लोकार्पण होगा। यह फ्लाईओवर टीपीनगर-पैडलेगंज मार्ग को देवरिया बाईपास तिराहे से जोड़ता है। इसके साथ पैडलेगंज चौक से फिराक गोरखपुरी चौक तक फोरलेन सड़क का भी उद्घाटन होगा। इन परियोजनाओं से गोरखपुर की आंतरिक और अंतरजनपदीय कनेक्टिविटी मजबूत होगी तथा बस्ती, अयोध्या, वाराणसी, कुशीनगर, बिहार और नेपाल की ओर आवागमन अधिक सुगम होने की उम्मीद है।
महिला छात्रावास, साइंस म्यूजियम और अंडरपास का होगा शिलान्यास
मुख्यमंत्री 10 नई परियोजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे। इनमें मुख्यमंत्री श्रमजीवी महिला छात्रावास, राजकीय महिला पॉलिटेक्निक में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, विश्वविद्यालय चौक के पास साइंस म्यूजियम और नंदानगर-शमशेर गेट मार्ग पर अंडरपास एवं सर्विस रोड प्रमुख हैं। इसके अलावा शहर के विभिन्न वार्डों में सीसी रोड और नाली निर्माण कार्य भी शुरू किए जाएंगे।
शहर के विकास को मिलेगा नया आयाम
लोकार्पण होने वाली अन्य परियोजनाओं में एयरफोर्स स्टेशन परिसर में एमईएस ऑफिस कॉम्प्लेक्स की शिफ्टिंग और गुलरिहा थाने में हॉस्टल एवं बैरक निर्माण शामिल हैं। प्रशासन का मानना है कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से गोरखपुर की आधारभूत सुविधाओं, यातायात और सार्वजनिक सेवाओं में उल्लेखनीय सुधार होगा।
रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर
यह भी पढ़ें: अनंतनाग में आतंक के खिलाफ कार्रवाई तेज, लश्कर के 2 आतंकियों के घर जमींदोज



