UP के 12 लाख शिक्षकों के लिए बड़ी खुशखबरी! अब मिलेगा ₹5 लाख तक मुफ्त इलाज
गोरखपुर में मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ किया। योजना के तहत यूपी के 12 लाख शिक्षकों, शिक्षाकर्मियों और उनके आश्रितों को हर वर्ष ₹5 लाख तक मुफ्त कैशलेस इलाज मिलेगा।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उत्तर प्रदेश के लाखों शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के लिए राहत भरी खबर है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा वाराणसी से शुरू की गई ‘मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना’ का शुभारंभ अब गोरखपुर में भी किया गया। प्रभारी मंत्री एवं प्रदेश के कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में आयोजित कार्यक्रम के दौरान योजना की शुरुआत करते हुए पात्र शिक्षकों को कैशलेस हेल्थ कार्ड वितरित किए।
12 लाख शिक्षकों और आश्रितों को मिलेगा योजना का लाभ
मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने बताया कि इस योजना के तहत बेसिक, माध्यमिक और उच्च शिक्षा विभाग से जुड़े करीब 12 लाख शिक्षक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी, शिक्षामित्र, अनुदेशक, रसोइये तथा उनके आश्रितों को सूचीबद्ध अस्पतालों में हर वर्ष ₹5 लाख तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही राज्य सरकार और भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के सहयोग से दुर्घटना बीमा, दिव्यांगता कवर और शिक्षा एवं विवाह सहायता सहित ₹1.60 करोड़ तक की बीमा सुरक्षा का भी लाभ मिलेगा।
‘शिक्षकों की स्वास्थ्य संबंधी चिंता होगी दूर’
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि इस योजना से शिक्षकों और उनके परिवारों को बीमारी के समय आर्थिक संकट का सामना नहीं करना पड़ेगा। उनका कहना था कि स्वास्थ्य संबंधी चिंता कम होने से शिक्षक विद्यार्थियों की शिक्षा पर अधिक ध्यान दे सकेंगे। उन्होंने प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था, नकलमुक्त परीक्षाओं और विद्यालयों के आधुनिकीकरण के लिए चल रहे प्रयासों का भी उल्लेख किया।
DBT से छात्रों को भी मिली सहायता राशि
कार्यक्रम के दौरान यह भी बताया गया कि मुख्यमंत्री ने डीबीटी के माध्यम से प्रदेश के 1.10 करोड़ स्कूली छात्रों के अभिभावकों के खातों में यूनिफॉर्म, बैग और स्टेशनरी खरीदने के लिए ₹1,200 की सहायता राशि भी हस्तांतरित की है।
रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडे, गोरखपुर
यह भी पढ़ें: क्या आपकी सॉस-जैम भी नकली है? गोरखपुर में खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई



