छत से गिरा या हुई हत्या? सीतापुर में युवक की मौत पर उठा बड़ा सवाल
सीतापुर के रामपुर मथुरा क्षेत्र में युवक की संदिग्ध मौत के मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग को लेकर परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। सीओ के आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: सीतापुर के रामपुर मथुरा थाना क्षेत्र में तीन दिन पहले हुई एक युवक की संदिग्ध मौत अब विवाद का विषय बन गई है। कार्रवाई न होने से नाराज परिजनों और सैकड़ों ग्रामीणों ने शुक्रवार को थाने का घेराव कर सड़क जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए युवक की मौत को हत्या बताते हुए संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की मांग की। बाद में क्षेत्राधिकारी के आश्वासन पर प्रदर्शन समाप्त हुआ।
तीन दिन पहले संदिग्ध परिस्थितियों में हुई थी युवक की मौत
ग्राम असईपुर निवासी 35 वर्षीय तिलक राम की 30 जून की रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। परिजनों के अनुसार वह घर की छत पर सो रहे थे, जबकि परिवार के अन्य सदस्य घर के भीतर थे। सुबह करीब चार बजे उनका शव घर के पीछे जमीन पर पड़ा मिला। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
परिजनों ने हत्या की आशंका जताई
मृतक के भाई रामसेवक का आरोप है कि तिलक राम की मौत केवल छत से गिरने से नहीं हुई। उनका दावा है कि मृतक के गले में सूजन थी और एक कान फटा हुआ था, जिससे उन्हें हत्या की आशंका है। दूसरी ओर पुलिस का कहना है कि पहले इस संबंध में कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई थी। फिलहाल परिजन हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग पर अड़े हैं।
सीओ के आश्वासन के बाद समाप्त हुआ प्रदर्शन
शुक्रवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण थाने पहुंच गए और सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। सूचना मिलने पर क्षेत्राधिकारी वेदप्रकाश श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे और परिजनों से बातचीत की। उन्होंने नियमानुसार मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ और यातायात बहाल कराया गया।
रिपोर्ट – वली चौधरी
यह भी पढ़ें: पहली बारिश में डूबा कानपुर, हैलेट अस्पताल बना तालाब, मरीज पानी में होकर पहुंचे



