बिहार में मौसम बना काल, बांका से जमुई तक ठनका गिरने से 12 की मौत
बिहार के बांका, लखीसराय, जमुई और नवादा में ठनका कहर बनकर टूटा. अलग-अलग घटनाओं में 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग झुलस गए. मृतकों के आश्रितों को 4-4 लाख रुपये की सहायता का ऐलान हुआ है.

4पीएम न्यूज नेटवर्क: बिहार के बांका, लखीसराय, जमुई और नवादा में ठनका कहर बनकर टूटा. अलग-अलग घटनाओं में 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग झुलस गए. मृतकों के आश्रितों को 4-4 लाख रुपये की सहायता का ऐलान हुआ है.
बिहार के बांका, लखीसराय और जमुई जिलों में आसमान से बरसी आफत में ठनका की चपेट में आने से 9 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 9 अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए. मरने वालों में ज्यादातर महिलाएं शामिल हैं. इस हादसे पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गहरा दुख जताया है और सभी मृतकों के आश्रितों को 4-4 लाख रुपये का अनुदान देने का निर्देश दिया है. वहीं, नवादा जिले के रजौली में भी अचानक बदले मौसम के बीच धान की रोपनी कर रहे 3 मजदूरों की ठनका गिरने से जान चली गई, जिससे पूरे क्षेत्र में मातम पसर गया है.
बांका जिले में ठनका गिरने की अलग-अलग घटनाओं में कुल 5 लोगों की मौत हो गई और कई लोग झुलस गए. चांदन के बोड़ा-सुईया गांव में मंगलवार को धान रोपने गईं कुशामी देवी (45), रेणु देवी (40) और रिंकू देवी (45) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि परिजनों को खाना पहुंचाने आए दो बच्चे सौरभ कुमार (10) और रानी कुमारी (12) झुलस गए. बारिश से बचने के लिए सभी एक ऊंची झाड़ी के नीचे खड़े हुए थे, तभी यह हादसा हुआ. इसके अलावा, बौंसी के सिराय गांव में खेत जा रहे सुरेश यादव (70) और सुफियाना खातून (50) की जान चली गई, जबकि माधुरी देवी (42), नसीमा खातून (40) व एक अन्य महिला झुलस गईं. वहीं, बेना मोहनपुर में जहीरा खातून (50) और मरियम खातून (40) झुलस गईं.
लखीसराय और जमुई जिलों में भी ठनका ने भारी तबाही मचाई है. लखीसराय के चानन क्षेत्र अंतर्गत बन्नूबगीचा बहियार में धान रोपनी के दौरान मां, बेटी और गोतनी इसकी चपेट में आ गईं, जिनमें कोमल कुमारी (17), पुत्री सुरेंद्र यादव, और चाची रुदा देवी (50) की मौत हो गई, जबकि मां धनवंती देवी झुलस गईं. वहीं, संग्रामपुर के शिवडीह गांव की रहने वाली आंगनबाड़ी सहायिका अनुसूईया देवी (40), पत्नी अनिल पंडित, की बहियार में मौत हो गई. जमुई के सोनो प्रखंड स्थित गौरवामटिहाना गांव के सुपाड़ बहियार में खेत में काम कर रहीं सास-बहू पर बिजली गिर गई, जिसमें 28 वर्षीय पूजा देवी की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई, जबकि उनकी सास कविता देवी झुलस गईं.
नवादा जिले के रजौली थाना क्षेत्र के अमावां पश्चिमी पंचायत अंतर्गत दरियापुर गांव के पास भी मंगलवार शाम मौसम का मिजाज अचानक बिगड़ने से भीषण हादसा हुआ. यहां खेत में धान की रोपनी कर रहे तीन प्रवासी मजदूरों की ठनका की चपेट में आने से मौत हो गई. सभी मृतक सीतामढ़ी जिले के मधेशरा गांव के रहने वाले थे, जिनकी पहचान राजेंद्र कुमार, इंदल प्रसाद के पुत्र इंद्रजीत कुमार और मणी कुमार के रूप में हुई है. ये सभी मजदूरी करने रजौली आए थे. इस घटना में दो से तीन अन्य लोग भी झुलसे हैं, जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है.



