2027 चुनाव से पहले भाजपा का बड़ा प्लान! धर्मपाल सिंह ने दिया जीत का फॉर्मूला
बरेली में भाजपा ने 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने बूथ मैनेजमेंट, संगठन विस्तार और जनसंपर्क को जीत की सबसे बड़ी कुंजी बताया।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 भले ही अभी दूर हो, लेकिन भारतीय जनता पार्टी ने अपनी संगठनात्मक तैयारियों को तेज करना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में बरेली पहुंचे भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने संगठन के विभिन्न पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर चुनावी रणनीति, बूथ प्रबंधन और संगठन विस्तार पर विस्तार से चर्चा की।
बूथ और शक्तिकेंद्र को बताया जीत की सबसे मजबूत नींव
धर्मपाल सिंह ने कहा कि विधानसभा चुनाव में सफलता का सबसे बड़ा आधार बूथ स्तर की मजबूती है। उन्होंने शक्तिकेंद्रों को संगठन की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी बताते हुए कहा कि पार्टी के अभियान, जनसंपर्क कार्यक्रम और संगठनात्मक गतिविधियां इन्हीं के माध्यम से प्रभावी रूप से संचालित होंगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से नियमित समीक्षा, बैठकों का रिकॉर्ड रखने और समयबद्ध जिम्मेदारियों के निर्वहन पर जोर दिया।
अनुभवी कार्यकर्ताओं को मिलेगी अहम जिम्मेदारी
बैठक में उन्होंने कहा कि संगठन में पूर्व पदाधिकारियों, वरिष्ठ नेताओं और पुराने कार्यकर्ताओं के अनुभव का पूरा लाभ लिया जाएगा। प्रत्येक कार्यकर्ता की क्षमता और सक्रियता के आधार पर जिम्मेदारियां तय की जाएंगी, ताकि बूथ स्तर तक संगठन को और अधिक मजबूत बनाया जा सके।
विकास और सुशासन के मुद्दों पर लड़ा जाएगा चुनाव
प्रदेश संगठन महामंत्री ने कहा कि भाजपा वर्ष 2027 का चुनाव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और सुशासन के आधार पर जनता के बीच लड़ेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से विपक्ष के आरोपों का तथ्यों और प्रमाणों के साथ जवाब देने तथा जनसंपर्क लगातार बनाए रखने का आह्वान किया।
अनुसूचित जाति मोर्चा की बैठक में सेवा पर जोर
अनुसूचित जाति मोर्चा की बैठक में धर्मपाल सिंह ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों का उल्लेख करते हुए सेवा, सुशासन और सामाजिक न्याय की भावना को आगे बढ़ाने पर बल दिया। उन्होंने सरकारी योजनाओं की जानकारी अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की अपील की। बैठक में केंद्रीय मंत्री बी.एल. वर्मा, क्षेत्रीय अध्यक्ष पूरन लाल लोधी, सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार, मेयर डॉ. उमेश गौतम समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
रिपोर्ट – सुनील सक्सेना, बरेली
यह भी पढ़ें: ड्यूटी के दौरान शहीद हुए आरक्षी के परिवार को मिला ₹1 करोड़, SBI ने सौंपा बीमा चेक



