पादरी बाजार 33 केवी उपकेंद्र में ब्लास्ट, दर्जनभर फीडरों की बिजली गुल, लोगों को भारी परेशानी
गोरखपुर के पादरी बाजार स्थित 33 केवी विद्युत उपकेंद्र में ब्लास्ट के बाद करीब एक दर्जन फीडरों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। कई इलाकों में पानी की सप्लाई भी प्रभावित रही, जबकि विभाग मरम्मत कार्य में जुटा है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: शनिवार तड़के पादरी बाजार स्थित 33 केवी विद्युत उपकेंद्र में हुए ब्लास्ट के बाद करीब एक दर्जन फीडरों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। सुबह करीब 5 बजे से शुरू हुई इस तकनीकी खराबी के चलते पादरी बाजार और आसपास के कई मोहल्लों में घंटों तक बिजली नहीं पहुंच सकी। इससे लोगों की दिनचर्या बुरी तरह प्रभावित हुई और उमस भरी गर्मी में नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
बिजली कटने से पानी की सप्लाई भी हुई प्रभावित
बिजली आपूर्ति बाधित होने का असर केवल रोशनी तक सीमित नहीं रहा। कई इलाकों में पानी की सप्लाई भी ठप हो गई, जिससे घरेलू कामकाज प्रभावित हुआ। कई बच्चों को बिना स्नान किए स्कूल जाना पड़ा, जबकि नौकरीपेशा लोगों को भोजन तैयार किए बिना ही घर से निकलना पड़ा।
स्थानीय लोगों ने जल्द बहाली की उठाई मांग
स्थानीय निवासी प्रमोद सिंह, शैलेंद्र सिंह, अतुल सिंह, प्रेम प्रकाश तिवारी, राकेश श्रीवास्तव, सर्वजीत मॉल, अमित सिंह, रितेश श्रीवास्तव और संतोष श्रीवास्तव ने बताया कि सुबह से बिजली नहीं होने के कारण परिवारों को भारी असुविधा झेलनी पड़ी। उनका कहना है कि सबसे अधिक परेशानी बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को हुई। लोगों ने विद्युत विभाग से जल्द बिजली बहाल करने की मांग की।
मरम्मत में जुटा बिजली विभाग
विद्युत विभाग की टीम ब्लास्ट के बाद उपकेंद्र में तकनीकी खराबी को दूर करने में लगातार जुटी रही। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, प्रभावित उपकरणों की मरम्मत का कार्य तेजी से किया जा रहा है और सभी प्रभावित फीडरों पर जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति सामान्य करने का प्रयास जारी है।
रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर



