बांदा में खूनी संघर्ष! कुल्हाड़ी-लाठी से हमला, तीन लोगों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा
बांदा के मरका थाना क्षेत्र के भभुआ गांव में पुरानी रंजिश को लेकर कुल्हाड़ी और लाठी-डंडों से कथित जानलेवा हमला हुआ। दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए। पीड़ित पक्ष ने चार लोगों पर आरोप लगाते हुए पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं।

4पीएम न्यूज नेटवर्कः उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में पुरानी रंजिश एक बार फिर हिंसक झड़प में बदल गई। मरका थाना क्षेत्र के भभुआ गांव में कथित तौर पर कुल्हाड़ी और लाठी-डंडों से लैस हमलावरों ने तीन लोगों पर जानलेवा हमला कर दिया। घटना में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
भतीजे को बचाने पहुंचे चाचा भी हमले का हुए शिकार
पीड़ित पक्ष के अनुसार, पुरानी रंजिश के चलते हमलावरों ने पहले तीन लोगों को घेरकर मारपीट की। इस दौरान भतीजे को बचाने पहुंचे चाचा पर भी कथित तौर पर कुल्हाड़ी और लाठी-डंडों से हमला किया गया। हमले में घायल दोनों लोगों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बबेरू ले जाया गया, जहां से एक की गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
चार लोगों पर लगाए गंभीर आरोप
पीड़ित पक्ष ने दो नामजद और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ जानलेवा हमले का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई थी, लेकिन अब तक आरोपियों के खिलाफ अपेक्षित सख्त कार्रवाई नहीं हुई है। हालांकि, इन आरोपों पर पुलिस की ओर से विस्तृत आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
पुलिस जांच जारी, गिरफ्तारी का इंतजार
घटना के एक दिन बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से पीड़ित परिवार में नाराजगी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट – इक़बाल खान
यह भी पढ़ें: घुमाने के बहाने ले गया, फिर कर दी हत्या… सीतापुर केस में चौंकाने वाला खुलासा



