ब्रह्मभोज में खूनी वारदात, बिजली ठेकेदार को ऑटो से खींचकर तलवार से किया हमला
गोरखपुर के सिकरीगंज थाना क्षेत्र के अहिरौली गांव में शनिवार शाम पुरानी रंजिश को लेकर बिजली विभाग के ठेकेदार शिवकुमार त्रिपाठी की हत्या कर दी गई।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: गोरखपुर के सिकरीगंज थाना क्षेत्र के अहिरौली गांव में शनिवार शाम पुरानी रंजिश को लेकर बिजली विभाग के ठेकेदार शिवकुमार त्रिपाठी की हत्या कर दी गई।
आरोप है कि गांव में आयोजित ब्रह्मभोज में खाना खाते समय चचेरे भाइयों ने पहले उन पर पीछे से बांके से हमला किया। गंभीर रूप से घायल शिवकुमार को ग्रामीण ऑटो से अस्पताल ले जा रहे थे। रास्ते में आरोपितों ने ऑटो रोककर उन्हें बाहर खींच लिया और करीब 200 मीटर दूर ले जाकर तलवार से हमला कर उनकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपित फरार हो गए।
ब्रह्मभोज में खाना खाते समय किया हमला
अहिरौली गांव निवासी शिवकुमार त्रिपाठी बिजली विभाग में ठेकेदारी करते थे। उनका परिवार गांव के साथ ही गोरखपुर शहर में भी रहता है। उनके पुत्र आदित्य त्रिपाठी गोरखपुर सिविल कोर्ट में अधिवक्ता हैं।
शनिवार को शिवकुमार गांव में छेदी चौधरी के यहां आयोजित ब्रह्मभोज में शामिल होने गए थे। ग्रामीणों के अनुसार, शाम करीब छह बजे वह नीचे बैठकर खाना खा रहे थे। इसी दौरान गांव के ही राहुल चौधरी पुत्र विनोद ने पीछे से बांके से उन पर हमला कर दिया। हमले में शिवकुमार गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़े। वारदात के बाद राहुल वहां से भाग गया।
अस्पताल ले जाते समय फिर घेरा
घायल शिवकुमार को ब्रह्मभोज कराने वाले परिवार और ग्रामीण ऑटो से अस्पताल ले जा रहे थे। आरोप है कि रास्ते में राहुल चौधरी अपने भाई रोहित के साथ पहुंचा और दोनों ने ऑटो रोक लिया। दोनों के हाथों में हथियार थे।
आरोप है कि विरोध के बावजूद दोनों ने शिवकुमार को ऑटो से बाहर खींच लिया और करीब 200 मीटर दूर ले गए। वहां तलवार से हमला कर उनकी हत्या कर दी। घटना के बाद दोनों आरोपित मौके से फरार हो गए।
2024 में हुई हत्या से जुड़ी रंजिश की बात सामने आई
ग्रामीणों के मुताबिक, घटना के पीछे करीब दो वर्ष पुरानी रंजिश बताई जा रही है। वर्ष 2024 में राहुल चौधरी के चचेरे भाई आदेश चौधरी की हत्या हुई थी। इस मामले में शिवकुमार त्रिपाठी के परिवार के कुछ लोगों को आरोपित बनाया गया था। ग्रामीणों का कहना है कि उसी हत्या का बदला लेने के लिए शिवकुमार की हत्या की गई है। हालांकि, शिवकुमार के स्वजन ने इस पुरानी रंजिश के संबंध में फिलहाल कुछ स्पष्ट नहीं बताया है।
पुलिस कर रही जांच
सिकरीगंज थानाध्यक्ष अंजुल चतुर्वेदी ने बताया कि एक व्यक्ति की हत्या की सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची है और मामले की गहन छानबीन की जा रही है। घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट- अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर



