दौड़ पूरी करने के बाद अचानक थमी सांसें, सॉफ्टवेयर इंजीनियर को आया हार्ट अटैक

इस घटना से वहां मौजूद लोगों में दहशत फैल गई. मैराथन के आयोजकों ने तुरंत गोपी को इलाज के लिए पास के केयर अस्पताल पहुंचाया. हालांकि, डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

4पीएम न्यूज नेटवर्क: तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद से एक दुखद खबर सामने आई है। यहां स्वस्थ रहने और फिटनेस को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मैराथन में हिस्सा लेने पहुंचे एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर की अचानक मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि इंजीनियर ने मैराथन में अपनी दौड़ पूरी की और मेडल भी हासिल किया। लेकिन इसके कुछ ही समय बाद उनके साथ ऐसा हादसा हुआ, जिसने वहां मौजूद सभी लोगों को हैरान कर दिया।

यह घटना रविवार, 1 नवंबर की सुबह हैदराबाद के गाचीबौली स्टेडियम में हुई। जानकारी के मुताबिक, सॉफ्टवेयर इंजीनियर मैराथन में शामिल होने के लिए पहुंचे थे। उन्होंने पूरी मेहनत के साथ दौड़ पूरी की। दौड़ खत्म होने के बाद उन्हें मेडल भी दिया गया। इस दौरान सब कुछ सामान्य लग रहा था और किसी को अंदाजा नहीं था कि कुछ ही देर में इतनी बड़ी घटना हो जाएगी।

जानकारी के अनुसार, एनईबी की देखरेख में रविवार सुबह गचीबौली स्टेडियम में मैराथन का आयोजन किया गया था. मणिकोंडा की अलकापुर कॉलोनी के निवासी कोम्मिनेनी गोपी (36) ने इस कार्यक्रम में भाग लिया. उन्होंने उत्साहपूर्वक मैराथन में दौड़ लगाई और निर्धारित दूरी सफलतापूर्वक पूरी की. बाद में उन्हें पदक भी मिला.

नाश्ता करने जाते समय आया हार्ट अटैक

दौड़ पूरी करने के बाद बेहद खुश हुए गोपी कुछ ही देर बाद गंभीर रूप से बीमार पड़ गए. मैराथन के बाद नाश्ता करने जाते समय उन्हें अचानक दिल का दौरा पड़ा और वे वहीं गिर पड़े. इस घटना से वहां मौजूद लोगों में दहशत फैल गई. मैराथन के आयोजकों ने तुरंत गोपी को इलाज के लिए पास के केयर अस्पताल पहुंचाया. हालांकि, डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

शोक की लहर दौड़ी

मृतक कोम्मिनेनी गोपी, आईटी कंपनी आईबीएम में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे. उन्होंने अपनी सेहत का पूरा ख्याल रखते हुए मैराथन में भाग लिया था. यह एक दुखद घटना है कि दौड़ पूरी करने और पदक प्राप्त करने के कुछ ही क्षण बाद उनका निधन हो गया. इस घटना से मैराथन परिसर में शोक की लहर दौड़ गई.

मैराथन सफलतापूर्वक पूरी कर चुके गोपी की अचानक मृत्यु से उनके साथी स्तब्ध रह गए. गोपी के परिवार वाले उनकी मृत्यु से गहरे दुखी हैं. उत्साह से शुरू हुए मैराथन कार्यक्रम के दौरान घटी इस घटना ने सभी को चौंका दिया.

Related Articles

Back to top button