बरेली में आधी रात चला बुलडोजर! वकीलों के 12 से ज्यादा चेंबर ढहाए, आज प्रदर्शन
बरेली में आधी रात नगर निगम ने कचहरी रोड पर 12 से अधिक अस्थायी वकील चेंबर ढहा दिए। अधिवक्ताओं ने बिना नोटिस कार्रवाई का आरोप लगाया और प्रदर्शन की चेतावनी दी है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: बरेली में गुरुवार रात कचहरी रोड का माहौल अचानक बदल गया। करीब 11 बजे नगर निगम की टीम पुलिस बल और दो बुलडोजर के साथ पहुंची और सड़क किनारे बने अधिवक्ताओं के अस्थायी चेंबरों पर कार्रवाई शुरू कर दी। करीब 30 मिनट में एक दर्जन से अधिक चेंबर ढहा दिए गए। आरोप है कि कार्रवाई के दौरान इलाके की लाइटें बंद करा दी गईं और अधिवक्ताओं के पहुंचने से पहले मलबा भी हटा दिया गया।
नगर निगम अधिकारियों के मुताबिक, दिन में कचहरी क्षेत्र में भीड़ और विरोध की आशंका को देखते हुए कार्रवाई रात में की गई। टीम ने कार्रवाई को गोपनीय रखा था।
जाम का हवाला, वकीलों ने उठाए नोटिस पर सवाल
नगर निगम का कहना है कि सड़क किनारे बने अस्थायी चेंबरों के कारण रास्ता संकरा हो गया था। इससे कचहरी रोड पर जाम की स्थिति बनती थी और एंबुलेंस, दमकल व अन्य जरूरी वाहनों को भी परेशानी होती थी। इसी आधार पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई।
दूसरी ओर, अधिवक्ताओं ने कार्रवाई के तरीके पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि चेंबर हटाने से पहले कोई नोटिस नहीं दिया गया और सामान निकालने तक का अवसर नहीं मिला। रात में लाइट बंद कर कार्रवाई किए जाने को लेकर भी अधिवक्ताओं में नाराजगी है।
बार एसोसिएशन ने दी आंदोलन की चेतावनी
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज हरित और सचिव दीपक पांडे ने कार्रवाई की निंदा करते हुए इसे बिना सूचना आधी रात में की गई कार्रवाई बताया। दोनों पदाधिकारियों का कहना है कि अधिवक्ताओं के चेंबर तोड़ने के विरोध में आंदोलन किया जाएगा।
घटना के बाद अधिवक्ताओं में आक्रोश है और आज प्रदर्शन की तैयारी की जा रही है। फिलहाल विवाद नगर निगम की कार्रवाई और उसके तरीके को लेकर है। आगे प्रशासन और बार एसोसिएशन के बीच बातचीत से कोई समाधान निकलता है या आंदोलन तेज होता है, इस पर नजर रहेगी।
रिपोर्ट – सुनील सक्सेना, बरेली
गोरखपुर जिला अस्पताल का VIDEO वायरल, व्हीलचेयर नहीं मिली तो मरीज को पीठ पर लादकर चला तीमारदार



