उन्नाव में चला बुलडोजर: हाईकोर्ट के निर्देश पर सरकारी जमीन से हटाया गया अवैध कब्जा
उन्नाव के पुरवा तहसील के बरौली गांव में हाईकोर्ट के निर्देश पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। करीब 1 करोड़ रुपये कीमत की 0.120 हेक्टेयर सरकारी बंजर भूमि से अवैध कब्जा हटाते हुए दुकानों पर बुलडोजर चलाया गया। राजस्व टीम की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाया गया।

4pm न्यूज नेटवर्क: उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। हाईकोर्ट के निर्देश के बाद पुरवा तहसील के बरौली गांव में बंजर भूमि पर बने अवैध ढांचों पर बुलडोजर चलाकर करीब एक करोड़ रुपये कीमत की जमीन को कब्जा मुक्त कराया गया। प्रशासन के मुताबिक लगभग 0.120 हेक्टेयर बेशकीमती सरकारी जमीन पर कुछ लोगों ने अवैध रूप से दुकानें बनाकर कब्जा कर लिया था। इस मामले में कार्रवाई के दौरान अतिक्रमण हटाकर जमीन को फिर से सरकारी रिकॉर्ड में सुरक्षित किया गया।
हाईकोर्ट में गई थी अतिक्रमण की लड़ाई
बताया जा रहा है कि इस जमीन पर कब्जा करने वाले इस्माइल राजा और अन्य लोगों ने कार्रवाई को रोकने के लिए हाईकोर्ट में रिट याचिका दाखिल की थी। लेकिन राज्य सरकार की ओर से मजबूत पैरवी के बाद अदालत ने याचिका को खारिज कर दिया। इसके बाद प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण को हटाने का फैसला लिया।
यह भी पढ़ें: AAP के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा बोले: “खामोश करवाया गया हूं, हारा नहीं हूं”
प्रशासन ने बनाई विशेष टीम
इस कार्रवाई के लिए एसडीएम प्रमेश श्रीवास्तव के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया था। नायब तहसीलदार नीरज चतुर्वेदी के नेतृत्व में दो राजस्व निरीक्षक और सात लेखपालों की टीम मौके पर मौजूद रही। राजस्व विभाग और प्रशासन की टीम ने पुलिस बल की मौजूदगी में बुलडोजर की मदद से अवैध रूप से बनाई गई दुकानों को हटाया और जमीन को कब्जा मुक्त कराया।
सरकारी जमीन पर कब्जे के खिलाफ सख्ती
प्रशासन का कहना है कि सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे के मामलों में लगातार कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक ऐसी जमीनें सार्वजनिक उपयोग और सरकारी योजनाओं के लिए होती हैं, इसलिए उन पर किसी भी तरह का अवैध निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। स्थानीय प्रशासन ने साफ किया है कि जिले में जहां भी सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत मिलेगी, वहां इसी तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
रिपोर्टर-राजन बाजपाई “निडर”
यह भी पढ़ें: J-K: अरहामा एनकाउंटर पर राज्यपाल के आदेश, परिवार ने राशिद को बताया निर्दोष



