बरेली में गौशाला पर आज चलेगा बुलडोजर, कार्रवाई से पहले पूरे इलाके को पुलिस ने किया सील

बरेली के मौलाना नगर में पार्क की सरकारी जमीन पर बनी कथित अवैध कामधेनु गौशाला पर आज BDA कार्रवाई करेगा। मौके पर भारी पुलिस बल और PAC तैनात है। प्रशासन ने कहा कि कार्रवाई कानूनी प्रक्रिया के तहत होगी।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: बरेली के प्रेमनगर थाना क्षेत्र स्थित मौलाना नगर में शुक्रवार को बरेली विकास प्राधिकरण (BDA) की बड़ी कार्रवाई प्रस्तावित है। प्रशासन के अनुसार, पार्क के लिए आरक्षित सरकारी भूमि पर बने कथित अवैध निर्माण को हटाने की तैयारी पूरी कर ली गई है। कार्रवाई से पहले पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

भारी पुलिस बल और PAC की तैनाती

संभावित विरोध और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए गौशाला परिसर के आसपास भारी पुलिस बल और पीएसी की एक कंपनी तैनात की गई है। मौके पर सीओ सिटी आशुतोष शिवम, प्रेमनगर थाना प्रभारी समेत कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद हैं। BDA की टीम के पहुंचते ही ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू होने की संभावना जताई जा रही है।

शिकायत के बाद BDA ने लिया कार्रवाई का फैसला

प्रशासन के मुताबिक, स्थानीय लोगों ने शिकायत की थी कि पार्क के लिए आरक्षित सरकारी भूमि पर अवैध रूप से कामधेनु गौशाला का निर्माण किया गया है। जांच के बाद BDA ने ध्वस्तीकरण का निर्णय लिया। जानकारी के अनुसार, करीब 500 वर्गमीटर क्षेत्र में बनी इस गौशाला में 10 से 12 गोवंश रखे जाते हैं और परिसर के बाहर कामधेनु सेवा ट्रस्ट का बोर्ड भी लगा है।

प्रशासन बोला- कानून के दायरे में होगी कार्रवाई

कार्रवाई से पहले गौशाला का मुख्य गेट अंदर से बंद कर दिया गया है और आसपास के कुछ मार्गों पर यातायात भी सीमित किया गया है। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि सार्वजनिक भूमि पर कब्जे के कारण पार्क का उपयोग प्रभावित हो रहा था। वहीं, प्रशासन का कहना है कि पूरी कार्रवाई कानूनी प्रक्रिया के तहत की जाएगी और शांति व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।

रिपोर्ट – सुनील सक्सेना, बरेली

यह भी पढ़ें: 24 घंटे के सत्याग्रह के बाद हाजी हसन रूमी का बड़ा कदम, राष्ट्रपति के नाम भेजा ज्ञापन

Related Articles

Back to top button