नौकरी का झांसा, होटल में बुलाया और फिर… बरेली में अस्पताल मालिक गिरफ्तार
बरेली में नौकरी का झांसा देकर दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने के आरोप में अस्पताल मालिक गिरफ्तार। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: बरेली में नौकरी दिलाने का झांसा देकर महिला के साथ दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और कथित तौर पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर न्यू फय्याज केयर अस्पताल के मालिक हाजी फहीम अली को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, धमकी और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच जारी है।
नौकरी के बहाने बुलाने का आरोप
पीड़िता के अनुसार, वह पिछले 12 वर्षों से बरेली में किराए के मकान में रह रही है। उसने अप्रैल 2024 में आरोपी के अस्पताल में नौकरी शुरू की थी, लेकिन व्यवहार ठीक न लगने पर नौकरी छोड़ दी। आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने मीरगंज स्थित एक टायर फैक्ट्री में अकाउंटेंट की नौकरी दिलाने का झांसा देकर उसे कई बार बुलाया।
वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का आरोप
शिकायत के मुताबिक, 14 सितंबर 2025 को आरोपी उसे एक होटल ले गया, जहां कथित तौर पर नशीला पदार्थ देकर दुष्कर्म किया और वीडियो बना लिया। पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया गया। उसने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव बना रहा था। इन आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस जांच में जुटी
पीड़िता ने अपनी तहरीर में आरोपी के कुछ परिजनों को भी नामजद किया है। पुलिस का कहना है कि विवेचना के दौरान जो भी तथ्य और साक्ष्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
रिपोर्ट – सुनील सक्सेना
यह भी पढ़ें: कानपुर में 6 करोड़ का गांजा बरामद, क्राइम ब्रांच का बड़ा ऑपरेशन



