मिर्जापुर में नहर बनी मौत का जाल, स्नान करने गया किशोर वापस नहीं लौटा

मिर्जापुर के हलिया थाना क्षेत्र में सुखड़ा नहर में स्नान के दौरान 16 वर्षीय किशोर की डूबने से मौत हो गई। ग्रामीणों ने नहर बंद कर दो घंटे की तलाश के बाद शव बरामद किया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क:  मिर्जापुर के हलिया थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। सिकटा गांव स्थित सुखड़ा नहर में स्नान करने गए एक किशोर की पानी में डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई, जबकि गांव में भी मातम जैसा माहौल देखने को मिला। जानकारी के अनुसार, हलिया थाना क्षेत्र के सिकटा कहरान बस्ती निवासी पंचराज का 16 वर्षीय पुत्र विनीत अपने भाई और अन्य साथियों के साथ सुखड़ा नहर के झाल पर स्नान करने गया था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। देखते ही देखते किशोर नहर की तेज धारा में डूब गया।

ग्रामीणों ने रुकवाई नहर, दो घंटे बाद मिला शव

घटना की जानकारी मिलते ही गांव के लोग मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और नहर का पानी बंद कराने की मांग की। पुलिस और सिंचाई विभाग की मदद से नहर का बहाव रोका गया, जिसके बाद पानी कम होने पर किशोर की तलाश शुरू की गई। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद घटना स्थल से लगभग दस मीटर दूर नहर में विनीत का शव बरामद किया गया। शव बाहर निकलते ही मौके पर मौजूद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

परिवार का सहारा था विनीत

बताया जा रहा है कि मृतक विनीत परिवार के जीविकोपार्जन में भी हाथ बंटाता था। वह पांच भाइयों में सबसे बड़ा था और बाहर रहकर काम करता था। बेटे की मौत की खबर सुनते ही मां रतना बार-बार बेहोश हो जा रही थीं। गांव की महिलाओं ने किसी तरह उन्हें संभाला। स्थानीय लोगों के मुताबिक, परिवार की आर्थिक स्थिति पहले से कमजोर है और ऐसे में बड़े बेटे की मौत ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया है।

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

मौके पर पहुंची हलिया पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी राजीव कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि किशोर की मौत नहर में स्नान के दौरान डूबने से हुई है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। गर्मी के मौसम में नहरों और तालाबों में स्नान के दौरान होने वाले हादसे लगातार चिंता बढ़ा रहे हैं। प्रशासन द्वारा सावधानी बरतने की अपील के बावजूद ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं।

यह भी पढ़ें: चंपत राय की मिर्जापुर में एंट्री से मचा सियासी भूचाल, भाजपा खेमे में बढ़ी बेचैनी

Related Articles

Back to top button